यूपी के शाहजहांपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां बरेली के इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के बेटे की कार का एक्सीडेंट हो गया है।
एक्सीडेंट के बाद पुलिस को कार से एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ, जिसमें ड्रग्स (क्रिस्टल) और एक सिरिंज बरामद हुई है। पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा के बेटे को हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि तौकीर रजा खुद भी बरेली दंगा मामले में जेल में बंद हैं।
बता दें कि बरेली के तौकीर रजा के बेटे फरमान रजा की कार का नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट हुआ था। उनकी कार एक बस के पीछे के हिस्से में घुस गई थी। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे कार से नीले रंग का एक संदिग्ध बैग मिला।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें पुलिस को ड्रग्स (क्रिस्टल) और एक सिरिंज मिली। शाहजहांपुर पुलिस ने तौकीर रजा के बेटे को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा है। मामला यूपी के शाहजहांपुर में कोतवाली तिलहर क्षेत्र में नेशनल हाईवे का है, जहां फरजान रजा की कार सीतापुर डिपो की रोडवेज बस में पीछे से घुसी।
पुलिस ने बताया कि तलाशी लेने पर बैग से क्रिस्टल (ड्रग्स) और एक सिरिंज मिली है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फरमान रजा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि ये ड्रग्स वो खुद लिया करता है। फिलहाल पुलिस ने तौकीर रजा के बेटे को हिरासत में लेकर उसको मेडिकल के लिए भेजा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।















