पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने कहर इस कदर बरपाया है कि सुबह के वक्त लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। मौसम विभाग का ताजा अपडेट बता रहा है कि आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर की परेशानी और बढ़ने वाली है। दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में हालात चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। इस आर्टिकल में जानिए कि उत्तर भारत की किस राजधानी में आज सबसे ज्यादा सर्दी है। आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहने वाला है।
कहां है आज सबसे कम तापमान?
mausam.imd.gov.in के मुताबिक, तापमान की बात करें तो उत्तर भारत के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों की बात करें तो आज (रविवार को) सबसे ज्यादा सर्दी चंडीगढ़ में है। जहां न्यूनतम तापमान 4.0°C है। इसके बाद नई दिल्ली का नंबर आता है। जहां तापमान 4.7°C है। फिर सबसे ज्यादा ठंड आज लखनऊ में है, जहां मिनिमम टेंपरेचर 6.6°C है। वहीं, भोपाल इस लिस्ट में चौथे नंबर पर है, यहां 7.2°C न्यूनतम तापमान है। जयपुर में भी 7.6°C मिनिमम टेंपरेचर है और पटना में न्यूनतम तापमान 8.5°C है।
शीतलहर कहां ढाएगी कहर?
इसके अलावा, राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों में 12-13 जनवरी को शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर झेलनी पड़ सकती है। राजस्थान में 11 से 14 जनवरी, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और ओडिशा में 11-12 जनवरी, उत्तराखंड, झारखंड और कर्नाटक में 11 जनवरी को शीतलहर की परेशानी उठानी पड़ सकती है।













