भारत बनाम इंग्लैंड अंडर 19 विश्व कप टीम इंडिया के लाजवाब प्रदर्शन के सामने अंग्रेजों ने घुटने टेक दिए और भारत ने एक बार फिर से अंडर 19 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया है।
फाइनल मुकाबला 100 रनों से जीत हासिल की
अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड का सामना हुआ। इसमें भारतीय टीम के कप्तान आयुष ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जहां एक ओर वैभव सूर्यवंशी धीमा खेल रहे थे, वहीं एरॉन जार्ज केवल 9 ही रन बनाकर आउट हो गए।
लेकिन इसके बाद जब वैभव को कप्तान आयुष का साथ मिला तो वैभव ने अपना चिरपरिचित आक्रामक रुख अख्तियार किया और धमाकेदार तरीके से रन बनाने शुरू कर दिए। आयुष भी आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद शतक की ओर बढ़ गए।
आयुष ने 51 बॉल पर 53 रनों की पारी खेली। हालांकि वैभव पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने धमाकेदार अंदाज में केवल 55 बॉल पर शतक ठोकने का काम किया। इसके बाद उन्होंने और भी आक्रामक बल्लेबाजी की। इसके बाद वे 150 रन के स्कोर को भी पार कर गए।
वैभव सूर्यवंशी ने किया कमाल
इंग्लैंड के चेहरे पर उस वक्त कुछ राहत दिखाई दी, जब वैभव सूर्यवंशी 175 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर आउट हो गए। हालांकि इसके बाद भी भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी में भी रन बनाए और 400 का आंकड़ा पार कर लिया। भारत ने 50 ओवर खत्म होते होते 411 रन बना दिए थे। इसके बाद ही ये लगने लगा था कि टीम इंडिया अब इस मैच को जीत जाएगी। फाइनल में 400 से अधिक रन चेज करना कोई आसान काम नहीं होता।
इंग्लैंड की शुरुआत भी रही काफी धीमी
इसके बाद जब इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हुई तो एक एक कर बल्लेबाज आते रहे और आउट होकर पवेलियन जाते रहे। इंग्लैंड ने पहले तीन ओवर में केवल दो ही रन बनाए थे। इसके बाद जैसे ही इंग्लैंड ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की तो विकेट गिरने शुरू हो गए। बीच बीच में छोटी छोटी साझेदारियां हुईं, लेकिन वे इंग्लैंड के लिए नाकाफी साबित हुईं।
छठी बार खिताब पर कब्जा
इंग्लैंड की टीम अपने कोटे के पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और उससे पहले ही आउट हो गई। पूरी टीम मिलकर केवल 311 रन बना सकी। इंग्लैंड की टीम भी एक भी मैच नहीं हारी थी, लेकिन फाइनल में उनका ये सिलसिला रुक गया है। भारत ने अब तक छठी बार इस खिताब पर कब्जा किया है।













