मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में तीन कारों से कुल 552.10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए रेकी कर रही एक कार को भी जब्त किया गया है।
यह विशेष अभियान पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में पूरे सरगुजा संभाग में चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसके लिए संभाग के सभी जिलों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जशपुर पुलिस ने थाना कुनकुरी और थाना बगीचा क्षेत्र में एक साथ कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से अवैध गांजा की खेप लेकर जा रहे इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहनों से 550 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, तस्करों को पुलिस की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी देकर सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेकी कर रही एक अन्य कार को भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और इस अंतरराज्यीय गिरोह के तार खंगाले जा रहे हैं। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।















