छत्तीसगढ़ में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा आयोजित लेवल-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए, रेलवे ने 2 अगस्त से 23 अगस्त तक कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। इस पहल से उम्मीदवारों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और भीड़ कम होने की उम्मीद है।

परीक्षा को लेकर रेलवे की तैयारी तेज
रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षा में बड़ी संख्या में उम्मीदवार विभिन्न शहरों से परीक्षा केंद्रों तक यात्रा करते हैं। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कुछ प्रमुख एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त जनरल और सेकेंड सीटिंग कोच जोड़ने का फैसला लिया है। रेलवे का मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है।
रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में मिलेगा अतिरिक्त कोच
रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18249/18250) में रेलवे भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा। यह सुविधा 18249 रायपुर-कोरबा एक्सप्रेस में 2 से 23 अगस्त तक और 18250 कोरबा-रायपुर एक्सप्रेस में 3 से 24 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। रेलवे का मानना है कि इससे परीक्षा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ कम होगी और रायपुर-कोरबा रूट पर यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को अधिक सुविधा मिलेगी।
देखे किन -किन ट्रेनों में भी बढ़ाई गई सुविधा
रेलवे ने अन्य प्रमुख रूटों पर भी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त जनरल कोच लगाने का बड़ा फैसला लिया है। गाड़ी संख्या 18257/18258 बिलासपुर-चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस में 18257 पर 3 से 22 अगस्त तक और 18258 पर 4 से 23 अगस्त तक एक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा।
वहीं गाड़ी संख्या 58221/58222 चिरमिरी-चंदिया रोड-चिरमिरी पैसेंजर में भी 4 से 23 अगस्त तक दोनों दिशाओं में एक-एक अतिरिक्त जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे परीक्षा देने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान राहत मिलेगी।
जनशताब्दी एक्सप्रेस में बढ़ेगी सीटिंग क्षमता
गाड़ी संख्या 12070/12069 गोंदिया-रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी रेलवे भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एक अतिरिक्त सेकेंड सीटिंग कोच लगाया जाएगा। यह सुविधा 12070 गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी में 2 से 22 अगस्त तक और 12069 रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी में 3 से 23 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। रेलवे का कहना है कि अतिरिक्त कोच जुड़ने से परीक्षा के दौरान यात्रियों की भीड़ कम होगी और अभ्यर्थियों को सीट मिलने की आशंका बढ़ेगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक
परीक्षा के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने लग जाती है। इसलिए अतिरिक्त कोच लगाने का मुख्य उद्देश्य भीड़ पर काबू पाना और साथ ही उम्मीदवारों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा देना है। रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारणी और कोच संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे पूछताछ सेवा से जरूर जांच लें। इससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा। और किसी भी प्रकार से परेशानी नहीं होगी।












