Today Cg News : अम्बिकापुर 16 सितम्बर 2026
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने 19 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित अंबिकापुर आगमन के मद्देनजर कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री श्री साय होटल ग्रांड बसंत एवं ऑक्सीजन पार्क में भगवान गणेश जी की आरती कार्यक्रम में शामिल होंगे। कलेक्टर श्री वसंत ने कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल, आयोजक समिति के सदस्य सहित अन्य उपस्थित रहे।
भफौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भफौली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, ओपीडी, आईपीडी, लैब जांच, टीकाकरण एवं मानव संसाधन की जानकारी ली। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भफौली में सीपेज की समस्या को देखते हुए डीएमएफ के माध्यम से शेड निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उन्नयन हेतु आवश्यक भूमि का सीमांकन कराने तथा सड़क संबंधी समस्या के निराकरण के लिए राजस्व विभाग से समन्वय करने के निर्देश दिए।
24×7 प्रसव सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव व्यवस्था की जानकारी लेते हुए 24×7 प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भफौली में आने वाली उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (HRP) को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) दिवसों में शासन के निर्देशानुसार जांच हेतु लाने तथा सभी गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने टीकाकरण एवं प्रसव संबंधी समस्त जानकारी यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठकों में यू-विन पोर्टल की सेक्टरवार जानकारी प्रस्तुत करने को कहा।
आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में आपातकालीन स्थिति में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा सर्पदंश के उपचार हेतु एंटी स्नेक वेनम की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एचएलएल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही लैब जांच सुविधाओं की जानकारी ली तथा संस्था प्रभारी को हितग्राहियों को आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, सीएमएचओ डॉ. पी. एस. मार्को, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र राम, बीएमओ डॉ. राहुल कुशवाहा सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।














