Chhatisgarh News : छत्तीसगढ़ में मौसम के हालात में तेजी से बदलाव आने की संभावना है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस अक्टूबर महीने, दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक का अनुभव होने की उम्मीद है। फिलहाल, पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है। हालांकि, दो दिन बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बरसात के संकेत मिल रहे हैं।
राजधानी में आज मौसम का कैसा? रहेगा नज़ारा
रायपुर में रविवार यानि आज 4 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रह सकता है. फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की अलर्ट जारी नहीं की है.
अक्टूबर में कैसा रहने वाला है मौसम का हालात
छत्तीसगढ़ में अक्टूबर का महीना मौसम के हिसाब से महत्वपूर्ण रहेगा. क्योंकि मानसून की विदाई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान दिन में गर्मी बनी रहेगी, जबकि रातें धीरे-धीरे सुहानी होने लगेंगी. नवंबर के पहले सप्ताह में रात के तापमान में और गिरावट आने की आसार है. ऐसे में दीपावली के आसपास रात में हल्की ठंड और दिन में मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक रहने के आसार हैं.

पिछले 24 घंटे ऐसा रहा प्रदेश का हाल
प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कहीं बारिश दर्ज नहीं की गई. सबसे गर्म इलाका राजधानी रायपुर से लगा माना रहा, यहां 34.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह संकेत है कि अब रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरने से ठंड बढ़ेगी.
मौसम के अनुसार
मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा काफी रफ्तार से आगे बढ़ रही है. अगले 2-3 दिनों छत्तीसगढ़ के अलावा मराठवाड़ा, विदर्भ, तेलंगाना और कर्नाटक से मानसून की लौटने के लिए मिजाज अनुकूल होने की आशंका है. इसके अतिरिक्त यूपी और बिहार के ऊपर साइक्लोनिक सर्क्युलेशन बना हुआ है.
राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में बारिश का वितरण काफी भिन्न – भिन्न देखने को मिल रहा है. क्योंकि जहां एक ओर बलरामपुर जिले ने 165.3 प्रतिशत की औसत दर और 1556.6 मिलीमीटर बारिश के साथ वर्षा प्रतिशत के मामले में पूरे राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है. वहीं कुल वर्षा के मामले में नारायणपुर जिला 1720.2 मिलीमीटर के साथ सबसे आगे है.
दूसरी ओर, राज्य के मैदानी और कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में अपेक्षित बारिश नहीं हो पाई है, जिनमें बेमेतरा जिला महज 674.9 मिलीमीटर बारिश और 80.4 प्रतिशत वर्षा दर्ज करके सूची में सबसे निचले पायदान पर है. भौगोलिक आधार पर राज्य के विभिन्न इलाकों का हाल देखा जाए तो उत्तर छत्तीसगढ़ और मैदानी इलाकों के कई जिलों में झमाझम बादल बरसे हैं. रायपुर में सामान्य से बेहद अधिक 1307.4 मिलीमीटर बारिश (135.4%) दर्ज की गई है. इसी तरह गरियाबंद में 1463.7 मिमी (130.7%), सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1181.4 मिमी (131.4%), मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1216.9 मिमी (122.7%), और बालोद में 1311.8 मिमी (121.6%) वर्षा के साथ औसत का आंकड़ा काफी ऊपर रहा है.















