Weight Loss वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोगों के बीच नींबू पानी एक लोकप्रिय पेय है। इसका सेवन ज्यादातर लोग सुबह के वक्त खाली पेट करते हैं। कई लोग सुबह खाली पेट गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि इससे शरीर की चर्बी तेजी से घटती है। लेकिन क्या सच में खाली पेट नींबू पानी पीने से तेजी से वजन कम होता है। डॉ. अंकिता तेजा नारायण, अटेंडिंग कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, KIMS हॉस्पिटल बता रही हैं कि क्या सच में नींबू पानी वजन घटाने में असरदार है। चलिए जानते हैं।
क्या कहते हैं डॉक्टर
डॉक्टर का कहना है कि इस बात के कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं कि नींबू पानी सीधे तौर पर शरीर की चर्बी बर्न करता है या तेजी से वजन कम करने में मदद करता है। स्वस्थ वजन हासिल करने और उसे बनाए रखने में संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधि और हेल्दी लाइफस्टाइल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नींबू पानी कम कैलोरी वाला पेय है, जो शरीर में पानी की कमी को दूर करने में मदद कर सकता है। अगर कोई व्यक्ति मीठे पेय पदार्थों, सॉफ्ट ड्रिंक्स या पैकेट वाले जूस की जगह बिना चीनी वाला नींबू पानी पीता है, तो इससे रोजाना ली जाने वाली कैलोरी की मात्रा कम हो सकती है। लंबे समय में यह वजन को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है।
Read more सुबह से लेकर देर रात तक की हर बड़ी और खास खबर पढ़े सिर्फ RGH NEWS पर
क्या खाली पेट नींबू पानी पीना ज्यादा फायदेमंद है?
इस बात के कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं कि खाली पेट या गुनगुने पानी के साथ नींबू पीने से शरीर की चर्बी तेजी से घटती है। मेटाबॉलिज्म कई चीजों पर निर्भर करता है, जिनमें उम्र, मांसपेशियों की मात्रा, शारीरिक गतिविधि और हार्मोन की स्थिति शामिल हैं। केवल नींबू पानी पीने से मेटाबॉलिज्म में इतना बदलाव नहीं होता कि तेजी से वजन कम होने लगे।
क्या रोजाना नींबू पानी पीना सुरक्षित है?
ज्यादातर लोगों के लिए सीमित मात्रा में नींबू पानी पीना सुरक्षित है। हालांकि, नींबू में मौजूद एसिड कुछ लोगों में एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की समस्या को बढ़ा सकता है। इसके अलावा, बार-बार एसिड वाले पेय पदार्थ पीने से दांतों की बाहरी परत यानी इनेमल को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए नींबू पानी सीमित मात्रा में पीना चाहिए और इसे पीने के बाद सादे पानी से कुल्ला करना चाहिए।
हेल्दी तरीके से वजन कैसे कम करें?
Weight Lossइंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञों के अनुसार, स्वस्थ तरीके से वजन कम करने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर, नियमित एक्सरसाइज, अच्छी नींद और रोजाना ली जाने वाली कुल कैलोरी पर ध्यान देना जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति का वजन लगातार बढ़ रहा है या उसे वजन कम करने में परेशानी हो रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।














