Ghee Butter Price Hike: दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में मिठाइयां और पकवान बनाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। ऐसे में घी और बटर की मांग भी बढ़ जाती है। लेकिन इस बार त्योहार से पहले ग्राहकों को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। Amul ने अपने घी और बटर की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने 1 किलो घी के पैक पर 50 रुपये और 500 ग्राम बटर के पैक पर 15 रुपये बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा छोटे पैक की कीमतें भी बढ़ाई गई हैं। इससे दिवाली की खरीदारी का बजट प्रभावित हो सकता है।
अमूल घी और बटर की नई रेट लिस्ट
कीमतों में बदलाव के बाद अब ग्राहकों को घी और बटर खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। Amul के 1 किलो घी कार्टून की कीमत 630 रुपये से बढ़कर 680 रुपये हो गई है। वहीं, 500 ग्राम प्योर घी का पाउच अब 325 रुपये के बजाय 345 रुपये में मिलेगा। बटर की बात करें तो 100 ग्राम पैक की कीमत 63 रुपये से बढ़कर 66 रुपये और 500 ग्राम पैक की कीमत 310 रुपये से बढ़कर 325 रुपये हो गई है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर घी की कीमतें कितनी हैं?
Amul के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी घी की अलग-अलग वैरायटी के दाम सामने आए हैं। यहां गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये, प्योर घी 700 रुपये और भैंस का घी 720 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर लिस्ट किया गया है। वहीं, कुछ वैरायटी और कॉम्बो पैक आउट ऑफ स्टॉक भी दिखाई दिए। इससे त्योहारों के दौरान मांग और सप्लाई के बीच अंतर का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आखिर क्यों बढ़े घी और बटर के दाम?
रिपोर्टों के मुताबिक, घी की बढ़ती मांग और सप्लाई में कमी कीमतों में बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है। गुजरात और राजस्थान में मिलावटी घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ग्राहकों का रुझान ब्रांडेड घी की तरफ बढ़ा है। बताया जा रहा है कि पिछले छह महीनों में इन राज्यों से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया। इसके अलावा त्योहारों के दौरान सालभर की कुल घी खपत का लगभग 45 फीसदी इस्तेमाल होता है। इससे बाजार में मांग बढ़ गई है।
कई शहरों में गाय के घी की सप्लाई प्रभावित
कीमतों में बढ़ोतरी के साथ कुछ जगहों पर अमूल के घी की उपलब्धता भी चुनौती बन रही है। गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा में दुकानदारों ने सप्लाई कम होने की जानकारी आई है। खासकर गाय के घी की कमी देखने को मिल रही है। कुछ अमूल पार्लर संचालकों के मुताबिक, उन्हें जरूरत के मुकाबले कम मात्रा में स्टॉक मिल रहा है। पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर से भी पहले सप्लाई संबंधी परेशानियों की खबरें सामने आई थीं। लेकिन सभी क्षेत्रों में कमी की वजह स्पष्ट नहीं है।
GST कटौती की राहत के बाद फिर बढ़ा खर्च
Ghee Butter Price Hikeसितंबर 2025 में डेयरी उत्पादों पर GST 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी किए जाने के बाद Amulने अपने करीब 700 उत्पादों की कीमतें कम की थीं। उस समय घी और बटर भी सस्ते हुए थे। लेकिन अब कीमतों में नई बढ़ोतरी से ग्राहकों को मिली राहत काफी हद तक खत्म हो गई है। दिवाली के दौरान मिठाइयों और पकवानों में घी-बटर का इस्तेमाल ज्यादा होता है। ऐसे में महंगे दाम और सप्लाई की परेशानी दोनों मिलकर लोगों की जेब पर असर पड़ना स्वाभाविक है।
















