Mother Dairy Milk Price Hike त्योहारी सीजन अभी खत्म भी नहीं हुआ है और इससे पहले ही आम आदमी को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। दरअसल, मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दिल्ली-एनसीआर में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे। वहीं, अब फिर से कीमत में इजाफा हुआ है जिससे मिडिल क्लास फैमिली के घर का बजट बिगड़ सकता है।
कब से लागू होंगी नई कीमतें?
मदर डेयरी ने बढ़ती लागत के कारण दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। नई दरें गुरूवार से लागू होंगी। सूत्रों के अनुसार मदर डेयरी ने अपने खुले दूध की विभिन्न किस्मों के उपभोक्ता कीमत में दो से चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरें 12 नवंबर से लागू होंगी। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने हालांकि इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
अब कितने में मिलेगा एक लीटर दूध?
सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद कीमतें बढ़ गई हैं जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई बढ़ोतरी का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर, कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर होगी। टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर होगी। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
Mother Dairy Milk Price Hikeमदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये कर लिया था। कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में वृद्धि हुई थी। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।















