Chhattisgarh top news छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में लोगों की जान जा रही है। इसी बीच सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बस की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस रांग साइड से आ रही थी और उसने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
रामसप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे तीनों
जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक एक ही गांव दर्री के निवासी थे। उनकी पहचान हरिशंकर चौहान, मोहर दास बैरागी और सेत कुमार पटेल (शिक्षक) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर दर्री से किसी गांव में आयोजित रामसप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रांग साइड से आ रही बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ेंDrishyam 3: बॉक्स ऑफिस के बाद OTT पर ‘दृश्यम 3 मचाएगी धमाल, इस प्लेटफार्म में होगी स्ट्रीम
हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
आक्रोशित लोगों के चक्काजाम की तैयारी
Chhattisgarh top newsहादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि घटना से नाराज लोग चक्काजाम की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक की तलाश के साथ ही हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।














