छत्तीसगढ़ में मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग से बताया कि, आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज की जा सकती है। फ़िलहाल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, लेकिन यह सिलसिला अधिक समय तक जारी नहीं रहेगा। रायपुर और आस पास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभवना जताई गई है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं मानसून की विदाई के साथ ही अब प्रदेश में ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है।
इन जिलों यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार, 7 अक्टूबर को बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बिजली गिरने, तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी भी जारी की है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
अक्टूबर में अब तक 157% ज्यादा बारिश
इस बार अक्टूबर में अब तक सामान्य से 157% अधिक बारिश हुई है। आमतौर पर 5 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 21.1 मिमी बारिश होती है और मानसून लौट चुका होता है, लेकिन इस बार अब तक 54 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मानसून की वापसी में लगभग 10 दिन की देरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश नारायणपुर और फरसगांव में 60 मिमी दर्ज की गई।
राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।
15 अक्टूबर के बाद मानसून विदा होगा
मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक की बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश कहा जाता है। फिलहाल, देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आस-पास सरगुजा की दिशा से मानसून के विदा लेने की शुरू होती है, लेकिन इस बार इसकी विदाई में देरी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार प्रदेश में मानसून लगभग 15 अक्टूबर के बाद मान मानसून विदा होगा यानी सामान्य से करीब 10 दिन की देरी से।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर, बिलासपुर, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बलरामपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, मनेन्द्रगढ़ और जशपुर जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने की अपील
धीरे-धीरे बढ़ रही ठंड का असर कृषि कार्यों और फसलों पर भी पड़ेगा। किसानों को सलाह दी जाती है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर विशेष ध्यान दें और जल प्रबंधन की योजनाएं बनाएं। मौसम विभाग की इस जानकारी को देखते हुए नागरिकों को भी सलाह दी जाती है कि वे गरज-चमक के समय खुले स्थानों में जाने से बचें और सुरक्षा उपाय अपनाएं।