छत्तीसगढ़ में जगदलपुर नगर निगम के भाजपा पार्षद धनसिंह नायक ने सफाई नहीं होने पर अनोखा कदम उठाया। वह अपने वार्ड की नाली की गंदगी और कचरा लेकर निगम कार्यालय पहुंच गए। वह निगम के बाहर धरने पर बैठ गए। जवाहर नगर वार्ड के पार्षद धनसिंह नायक का आरोप है कि वार्ड में सफाई करने कई बार निगम के अधिकारियों को कहा गया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
गंदगी और बदबू से वार्डवासी परेशान हैं। इसलिए खुद ही वार्ड की सफाई की और गंदगी को लेकर निगम पहुंच गए ताकि इसकी बदबू से सभी को एहसास हो जब सफाई नहीं होती है तो किस तरह से जीना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ और निगम की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाए जा रहे हैं। लेकिन, सफाई नहीं होती है। शहर के सारे वार्ड गंदगी से अटे पड़े हैं। जवाहर नगर वार्ड में नालियां जाम हैं। बदबू से लोग परेशान हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को जनता की कोई फिक्र नहीं है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता से कई तरह के टैक्स की वसूली कर अपना जेब भर रही है। जब तक निगम के कोई भी जिम्मेदार अधिकारी शहर की सफाई करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाते तब तक वे इसी तरह गंदगी और कचरा को साथ लिए निगम के बाहर धरना में बैठे रहेंगे।