आज सुबह ढाका के नेशनल बर्न इंस्टीट्यूट में मौत हो गई। नेशनल बर्न इंस्टीट्यूट के प्रोफेसर डॉ शाओन बिन रहमान ने ANI को फोन पर बताया, “शरियतपुर के दामुड्या उपजिला में आगजनी के हमले में घायल हुए खोकन दास का बांग्लादेश के नेशनल बर्न इंस्टीट्यूट में जलने के कारण निधन हो गया।
3 दिन बाद हुई मौत
अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि दास की मौत लगभग 3 दिनों तक इलाज के बाद शनिवार सुबह करीब 7:20 बजे हुई। डॉक्टरों ने बताया कि उनके शरीर का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया था, जिसमें उनके चेहरे और सांस की नली में गंभीर चोटें आई थीं।
इंसाफ चाहता है परिवार
खोकन दास के भतीजे-दामाद प्रांतो दास ने ANI को बताया कि परिवार इस हत्या की उचित जांच और न्याय चाहता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को भागने नहीं दिया जाना चाहिए। प्रांतो ने इस बात पर जोर दिया कि जिनकी पहचान हो गई है, उन्हें बिना किसी देरी के गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इससे पहले, उनकी पत्नी सीमा दास ANI से बात की थी। अपने बच्चे को गोद में लिए हुए, उन्होंने बताया था कि कैसे दास जब घर में घुसने वाले थे, तभी बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया और हमला करते हुए आग लगा दी थी।
शरीर पर डाला पेट्रोल
बदमाशों के एक समूह ने दास को तब रोका जब वह दिन भर की दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया, उनके शरीर पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। खुद को बचाने की कोशिश में, दास सड़क के किनारे पास के एक तालाब में कूद गए। उनकी चीखें सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावर भाग गए।
यह घटना बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के सदस्यों के खिलाफ हिंसा को लेकर बढ़ती चिंता के बीच हुई है। पिछले महीने, दीपू चंद्र दास को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला था, जबकि राजबाड़ी जिले में एक और हिंदू युवक, अमृत मंडल को जबरन वसूली के आरोप में पीट-पीटकर मार डाला गया था।














