छत्तीसगढ़ के राजधानी में शादी-विवाह के इस मौसम और गर्मी की छुट्टियों के बीच रेल यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे द्वारा कुछ स्टेशनों पर बुनियादी ढांचे के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के चलते मार्च से मई के बीच कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई ट्रेनें कैंसिल, व आंशिक रूप से रद्द या परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार:-
रेल अधिकारीयों के मुताबिक, ट्रेनों की संख्या कम होने से यात्रियों को भीड़ का सामना करना पड़ सकता है और कन्फर्म टिकट मिलने में भी दिक्क़ते आ सकती है।
इन ट्रेनों का होगा संचालन..?
पुरी स्टेशन के आधुनिकीकरण और प्लेटफार्म उन्नयन कार्य के कारण मार्च से मई तक कई लंबी दूरी की ट्रेनें पुरी तक सफर तय नहीं नहीं करेंगी। इन ट्रेनों को पहले के स्टेशनों से ही संचालित किया जाएगा।
*लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गांधीधाम और वलसाड से आने-जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें अब पुरी की बजाय साक्षी गोपाल स्टेशन से संचालित होंगी।
*वहीं इंदौर-पुरी और पुरी-श्री गंगानगर एक्सप्रेस ट्रेनें बीरपुरुषोतमपुर स्टेशन से ही शुरू और समाप्त होंगी।
अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन का काम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन के अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी का कार्य 30 मार्च से 11 अप्रैल तक किया जाएगा। इसके कारण बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, रायपुर-गेवरा रोड मेमू और रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर ट्रेन का संचालन बिलासपुर तक ही सीमित रहेगा।

गोंदिया स्टेशन पर निर्माण कार्य
नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर-6 (प्लेटफार्म नंबर-4) पर वाशेबल एप्रन निर्माण का कार्य तीन मई से 24 मई तक किया जाएगा। इसके कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
इस अवधि में टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस 24 मई तक रद्द रहेगी, जबकि रायपुर-इतवारी पैसेंजर 23 मई तक रद्द रहेगी। इसके अलावा गोंदिया-डोंगरगढ़, गोंदिया-इतवारी और इतवारी-बालाघाट ट्रेनों का संचालन भी पूरी तरह बंद रहेगा।
गोंदिया से कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
*रीवा-इतवारी-रीवा एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में गोंदिया के बजाय जबलपुर-नैनपुर-बालाघाट मार्ग से संचालित होगी।
*इसके अलावा बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस दो मई से 23 मई तक दुर्ग और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी,
*जबकि मुंबई-गोंदिया एक्सप्रेस अंजनी और गोंदिया के बीच रद्द रहेगी।
यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था
रेलवे ने यात्रियों कि असुविधा और भीड़ को कम करने के लिए कोरबा-बिलासपुर के बीच हसदेव एक्सप्रेस को पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को कुछ राहत मिल सके। हालांकि पीक सीजन में ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण यात्रियों को यात्रा की योजना पहले से बनाने और टिकट बुकिंग समय पर करने की सलाह दी गई है।













