इजरायल और अमेरिका से चल रही 15 दिनों की भीषण जंग के बीच ईरान ने अमेरिका को बड़ी धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका से जुड़ी तेल सुविधाओं को “राख का ढेर” बना देगा। करीब दो सप्ताह पहले मध्-पूर्व में शुरू हुआ युद्ध अब वैश्विक तेल संकट की बड़ी वजह बन गया है। दुनिया के तमाम देशों में ऊर्जा का भारी संकट हो गया है। साथ ही तेल की कीमतें बढ़ रही हैं।
ईरान ने दी कड़ी चेतावनी
ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उसके तेल ढांचे पर हमले जारी रहे तो मिडिल-ईस्ट क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों से जुड़ी सभी प्रमुख तेल और ऊर्जा सुविधाओं को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा, जिससे वे “राख का ढेर” बन जाएंगी। यह धमकी ऐसे समय में आई है जब मध्य पूर्व में चल रहा दो सप्ताह पुराना युद्ध अब वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतों में भारी उछाल और संकट का कारण बन चुका है।
होर्मुज में जारी रहेगी नाकाबंदी
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई ने एक दिन पहले जारी बयान में साफ कहा कि वह अपने पिता सैय्यद अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत का बदला लेंगे और होर्मुज को बंद रखेंगे। इस बीच ईरानी अधिकारियों ने जानकारी दी कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी और क्षेत्रीय हमलों के कारण दुनिया के पांचवें हिस्से से अधिक तेल व्यापार प्रभावित हो रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। विश्लेषकों का मानना है कि यदि स्थिति और बिगड़ती है तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर पड़ सकता है, जिसमें भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश भी बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं।













