उत्तर छत्तीसगढ़ में सोमवार को अचानक मौसम बदल गया। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में छोटे आकार के ओले भी गिरे। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
.jpg)
सोमवार सुबह तक मौसम साफ था, लेकिन दोपहर में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते आसमान काले बादलों से घिर गया। इसके बाद कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
कुछ क्षेत्रों में गिरे ओले
उदयपुर और लखनपुर क्षेत्र में कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। वहीं सरगुजा जिले के ग्रामीण इलाकों में छोटे आकार के ओले गिरने की सूचना मिली है। हालांकि अधिकतर जगहों पर हल्की बारिश ही दर्ज की गई।
गेहूं की फसल को नुकसान का खतरा
इन दिनों खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार है और कटाई का समय नजदीक है। ऐसे में यदि तेज बारिश या ओलावृष्टि होती है तो किसानों की फसल को नुकसान हो सकता है। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में बदलाव आया है। हालांकि इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है। फिलहाल क्षेत्र में बादलों का डेरा बना हुआ है और अगले 24 घंटे तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई जा रही है।














