खुर्सीपार थाना क्षेत्र में एक गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े ग्राहक से बाउंसरों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद लाइन में लगे अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने एजेंसी द्वारा तैनात तीन बाउंसरों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की है। घटना 25 मार्च की है।
लाइन लगाने को लेकर हुआ विवाद
इन दिनों गैस सिलिंडर के लिए एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बुधवार को खुर्सीपार थाना अंतर्गत शताक्षी गैस एजेंसी में सुबह से ग्राहकों की लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ को देखते हुए एजेंसी संचालकों ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाउंसर तैनात किए थे।
इसी दौरान लाइन में लगे एक ग्राहक और बाउंसरों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया।
पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
दुर्गा मंदिर खुर्सीपार निवासी संतोष कुमार बैठा (32) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, वह गैस लेने के लिए लाइन में खड़ा था, तभी लाइन को लेकर एजेंसी के बाउंसरों ने उसके साथ वाद-विवाद, धक्का-मुक्की और मारपीट की।
तीन बाउंसरों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
मामले में पुलिस ने बाउंसर हरिओम चौधरी (23) निवासी हाथखोज भिलाई, विकास सिंह (27) निवासी खुर्सीपार और विक्की विश्वकर्मा (30) निवासी कैंप-1 छावनी के विरुद्ध धारा 170/126, 135(3) बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। तीनों को एसडीएम छावनी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।















