मिडिल ईस्ट में जारी जंग का असर अब दुनिया के कई देशों में देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर पेट्रोल-डीजल सहित अन्य जरूरी की किल्लत हो गई है। इस बीच अब नेपाल सरकार ने इस किल्लत को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सरकारी कार्यालयों के लिए शनिवार और रविवार को दो दिन साप्ताहिक अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही कार्यवधि में एक घंटे का इजाफा भी किया गया है।
Govt Change Office Timing सरकार के प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने बताया कि पेट्रोलियम आपूर्ति में उत्पन्न असहज स्थिति के कारण सरकारी कार्यालयों और शैक्षिक संस्थानों में अब शनिवार और रविवार को छुट्टी रहेगी। इससे पहले भी नेपाल में सिर्फ शनिवार को साप्ताहिक अवकाश मिलता था, लेकिन इस हफ्ते से अब शनिवार के साथ रविवार को भी अवकाश दिया जाएगा। सरकार ने सरकारी कार्यालयों का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित करने का भी निर्णय लिया है। मंत्रिपरिषद की बैठक ने शैक्षिक संस्थानों को छोड़कर अन्य सरकारी कार्यालयों का समय 9 से 5 बजे तक बनाए रखने का निर्णय किया है। यह नई व्यवस्था सोमवार से पूरे देश में प्रभावी हो जाएगी। सरकारी दफ्तरों में अब कर्मचारियों को सुबह एक घंटा पहले यानी 9 बजे रिपोर्ट करना होगा ताकि कार्यक्षमता प्रभावित न हो।
कई देशों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत
बता दें कि इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध के चलते पूरी दुनिया में पेट्रोल-डीजल की भारी कमी हो गई है और कीमतें भी आसमान छू रही हैं। ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाकाबंदी रखने से ऐसे हालात पैदा हुए हैं, क्योंकि होर्मुज मार्ग से दुनिया के 20-25 फीसदी गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई होती है। बता दें कि बीतें दिनों नेपाल सरकार ने एक झटके में पेट्रोल-डीजल सहित एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए थे। नेपाल में अब पेट्रोल 31 रुपये लीटर तो डीजल 54 रुपये लीटर महंगा हो गया है, जबकि एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 296 रुपये बढ़ गए हैं।
















