कांग्रेस से निष्कासित होने के बाद डॉक्टर नवजोत कौर सिद्धू ने अपनी नई पार्टी बना ली है। इसके साथ ही बीजेपी में जाने की अटकलों पर भी ब्रेक लग गया है। नवजोत कौर सिद्धू की नई पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी है। कौर ने अपनी नई पार्टी का ऐलान सोमवार को किया।
सोशल मीडिया पर शेयर की ये जानकारी
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि जिस घोषणा का बेसब्री से इंतज़ार था, वह अब सामने है।हमने राजनीतिक नेताओं के मौजूदा कामकाज के स्तर की बारीकी से निगरानी और समीक्षा करने के बाद, राष्ट्रीय स्तर पर एक नए विकल्प पर काम करना शुरू कर दिया है। हम बस अपना जीवन अपने देश को समर्पित करना चाहते हैं और लोगों को वह सब लौटाना चाहते हैं जिसके वे सचमुच हकदार हैं और जिसकी वे हमसे उम्मीद करते हैं।
यह एक ईश्वरीय हस्तक्षेप है जिसने कुछ ऐसे समान विचारधारा वाले लोगों को एक साथ ला दिया है, जिनके पास हर राज्य में काम करने की क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और दृढ़ संकल्प है। उनका साझा लक्ष्य है—न्याय और शांति प्रदान करना और प्रेम के माध्यम से ‘उच्च चेतना’ (Higher Consciousness) की ऊर्जा के साथ काम करते हुए ठीक वही कर दिखाना जो ‘वाहेगुरु जी’ हमसे चाहते हैं। हम पंजाब को उसकी खोई हुई पुरानी शान एक ‘स्वर्ण राज्य’ (Golden State) होने का गौरव वापस दिलाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
नवजोत कौर सिद्धू ने बताया कैसा होगा पंजाब
कौर ने कहा कि पंजाब को एक ऐसा राज्य बनाएंगे जहां लोग प्रेम, मिल-बांटकर रहने, न्याय, स्वतंत्रता के अधिकार और आज़ादी की शक्ति को पहचानेंगे। जहां लोग बिना किसी बाहरी दखल के निस्वार्थ सेवा और आध्यात्मिक विकास के उद्देश्य से काम करते हुए अपने लक्ष्यों, मूल्यों और दृष्टिकोण को प्राप्त करेंगे। यह पंजाब के लोगों की, लोगों के लिए और लोगों द्वारा चलाई जाने वाली सरकार होगी।















