अमेरिका की ईरान के साथ बातचीत असफल होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर बैन लगाने की धमकी का सोमवार को घरेलू शेयर बाजार पर जोरदार असर हुआ। स्टॉक मार्केट सोमवार को तेज गिरावट के साथ खुले। सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर एक समय बीएसई सेंसेक्स 1399.77 अंक लुढ़ककर 76,150.48 के लेवल पर कारोबार करता दिखा। इसी तरह, एनएसई निफ्टी50 भी 410.35 अंक टूटकर 23,640.25 के लेवल पर आ गया।
इन शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव
निफ्टी पर कोल इंडिया, ओएनजीसी और सन फार्मा सबसे ज्यादा बढ़त बनाने वाले नतीजों में शामिल रहे, जबकि बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, आयशर मोटर्स, इंटरग्लोब एविएशन और श्रीराम फाइनेंस में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत में लगभग 617 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, 2246 शेयरों में गिरावट आई और 196 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।















