IND-A vs SA-A: कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया की हार से जहां भारतीय फैंस निराश थे, वहीं राजकोट से एक बड़ी खुशखबरी आई है। इंडिया ‘ए’ ने साउथ अफ्रीका ‘ए’ को दूसरे अनऑफिशियल ODI में 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। यह जीत बेहद एकतरफा रही और भारतीय खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ‘ए’ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टॉस हारने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही दबदबा दिखाते हुए मेहमानों को सिर्फ 132 रन पर समेट दिया। साउथ अफ्रीका के लिए रिवाल्डो मूनसामी ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। डेलानो पोटगीटर 23, डायन फॉरेस्टर 22 और प्रिटोरियस 21 रनों का योगदान दिया।
निशांत संधु ने गेंद से किया कमाल
भारत ‘ए’ की ओर से निशांत संधु ने गेंद से कहर बरपाया। उन्होंने 7 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 4 विकेट चटकाए। हर्षित राणा ने 3 विकेट और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट हासिल किए। कप्तान तिलक वर्मा को भी एक सफलता मिली।
133 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय ओपनर रुतुराज गायकवाड़ और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़कर मैच पर पूरा नियंत्रण बना लिया। अभिषेक शर्मा 32 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद साउथ अफ्रीका किसी भी तरह का दबाव नहीं बना सकी।
गायकवाड़ बने प्लेयर ऑफ द मैच
रुतुराज गायकवाड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 रन की नाबाद पारी खेली। कप्तान तिलक वर्मा ने भी 29 रन बनाते हुए रुतुराज के साथ 82 रन की नाबाद साझेदारी की और 27.5 ओवर में टीम को जीत दिला दी। गायकवाड़ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंडिया ‘ए’ के नाम हुई सीरीज
भारत ‘ए’ ने पहला ODI 4 विकेट से जीता था और अब दूसरे मैच में शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज भी अपने नाम कर ली। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 19 नवंबर को खेला जाएगा, जहां भारत ‘ए’ क्लीन स्वीप का लक्ष्य लेकर उतरेगा।














