राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में कहा कि महिलाएं समाज की धरोहर हैं। कहते हैं महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो समाज का विकास होगा। साथ ही कहा कि बिरसा मुंडा भगवान ने अंग्रेजों का जीना खराब कर दिया था। अंग्रेजों को सिर्फ बिरसा मुंडा ही दिखते थे। हम बिरसा मुंडा की पीढ़ी हैं।
मुर्मू ने कहा कि आदिवासी संस्कृति को मैं पहले भी जीती थी और अब भी जीती हूं, जल, जंगल और जमीन के साथ आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने की जरूरत है। हमें आदिवासी संस्कृति को बचाना है। राष्ट्रपति मुर्मू ने आदिवासी युवाओं को सम्मानित किया।
साथ ही बिरसा मुंडा जयंती के मौके पर वैद्यों और देवस्थलों से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन किया। इन योजनाओं में पहली योजना परंपरागत उपचार करने वाले वैद्यों के लिए है। इसके अलावा, वे 70 साल पहले डॉ. राजेंद्र प्रसाद के गोद लिए गए बच्चे से भी मिलेंगी। 8 महीने में दूसरी बार छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंची हैं।
कार्यक्रम में CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के घरों तक बिजली पहुंची, बस्तर में नक्सलवाद की कमर टूट गई है। आदिवासियों का विकास हो रहा है। बस्तर के लोगों को राशन मिल रहा है। वहीं राज्यपाल रामेन डेका ने कहा कि बिरसा मुंडा महान वीर थे, जिन्हें आज याद किया जा रहा है।














