रायपुर : राजधानी में रेस्टोरेंट की फ्रेंचाइजी देने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी हुई है। फोन-पे और नेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे भेजे गए। राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने संदीप कश्यप नाम के ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त अंकित कोचर अपनी पत्नी के लिए रेस्टोरेंट की फ्रेंचाइजी लेना चाहता था। पुलिस के मुताबिक अंकित ने गूगल से एक फ्रेंचाइजी के माध्यम से एक आनलाइन फार्म भरा। इसके बाद अंकित के नंबर में फोन आया कि रजिस्ट्रेशन के लिए 29 हजार 500 रुपये की मांग की गई। जिस पर गूगल पे के जरिए पैसे ट्रांसफर कर दिए गए।
इसके बाद एनओसी, एप्रूवल सहित अन्य के नाम से कुल पांच लाख रुपये ले लिए। जब और पैसे की मांग की जाने लगी तो अंकित को शक हुआ। इसके बाद रेस्टोरेंट के मुख्यालय में अंकित ने फोन कर जानकारी मांगी। मुख्यालय से अंकित को बताया गया कि किसी भी तरह की फ्रेंचाइजी नहीं दी जाती है। अंकित को बताया गया कि अगर ऐसा किसी ने किया है तो ठगी के शिकार हो गए हैं।
भाई की शादी में शामिल होने गई शिक्षिका के घर चोरी
शादी कार्यक्रम में शामिल होने गई शिक्षिका के घर को चोरों ने निशाना बनाया है। अलमारी में रखे सोने-चांदी सहित नकदी रकम चुरा ले गए। डीडी नगर थाना पुलिस ने अपराध कायम कर लिया है।
डीडी नगर खल्लारी मंदिर के पास गणेश नगर शिवम विहार कालोनी निवासी अनुसुईया ध्रुव के घर चोरी की वारदात हुई। वह जमराव मिडिल स्कूल दुर्ग में शिक्षिका हैं। 21 अप्रैल के शादी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। शुक्रवार को घर वापस आईं तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर दोनों कमरों का ताला टूटा पड़ा था। अलमारी का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। सोने चांदी के जेवरात व नकदी रकम कीमत तकरीबन 25 हजार रुपये अज्ञात चोर चुरा ले गए थे।












