कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।उन्हें छाती रोग विशेषज्ञ की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया कि नियमित जांच के तहत उन्हें भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता को काफी समय से खांसी की समस्या है और वह समय-समय पर, खासकर शहर में प्रदूषण के कारण जांच के लिए आती रहती हैं। सूत्र ने बताया कि सोनिया गांधी को सोमवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉ ने क्या कहा
सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और चिकित्सकीय जांच में पता चला कि ठंड और प्रदूषण के मिले-जुले प्रभाव से उनका ब्रोंकियल अस्थमा थोड़ा बढ़ गया था। डॉ. स्वरूप ने बताया, “एहतियात के तौर पर उन्हें आगे की निगरानी और इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत बिल्कुल स्थिर है। इलाज का उन पर अच्छा असर हो रहा है और उन्हें एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी गई।
सोनिया गांधी की हेल्थ अपडेट
हाल के वर्षों में सोनिया गांधी को स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ा है। कुछ महीने पहले, उन्हें पेट संबंधी समस्या के कारण दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले 19 जून को सोनिया गांधी को पेट संबंधी बीमारी के इलाज के बाद दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। 79 वर्षीय वरिष्ठ नेता को पेट में संक्रमण से संबंधित शिकायतों के बाद 15 जून को भर्ती कराया गया था।
















