हैती देश के के उत्तरी ग्रामीण इलाके में स्थित ऐतिहासिक किले सिटाडेल लाफेरिएरे में शनिवार को एक दर्दनाक भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। अफसरों ने आशंका जताई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। (30 killed in stampede in Haiti) जानकारी के मुताबिक़ जब किले में वार्षिक उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे, इसी दौरान यह घटना सामने आई।
कहाँ सामने आया ये हादसा?
हैती के नॉर्ड विभाग के नागरिक सुरक्षा प्रमुख जीन हेनरी पेटिट के मुताबिक यह भगदड़ किले के एंट्री गेट पर हुई। उन्होंने बताया कि अचानक हुई भीड़ और अव्यवस्था के बीच बारिश हो रही थी जिससे लोगों के बीच अफरा-तफरी फैल गई। बता दें की “ला सिटाडेल” के नाम से प्रसिद्ध यह किला देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में छात्र और पर्यटक वार्षिक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस ऐतिहासिक किले को 1982 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर स्थल घोषित किया गया था।
देश के प्रधानमंत्री ने जताया शोक
हैती के प्रधानमंत्री एलिक्स डिडिएर फिल्स-एमे ने एक आधिकारिक बयान में मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। (30 killed in stampede in Haiti) हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान और सटीक संख्या को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
अब तक 30 लोगों के मौत की पुष्टि
संस्कृति और संचार मंत्री इमैनुअल मेनार्ड ने भी 30 मौतों की पुष्टि की है और बताया कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी जा रही है। बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटा है। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब हैती पहले से ही हिंसा और प्राकृतिक आपदाओं जैसी कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।















