पीएम मोदी इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। यहां विधानसभा चुनाव को लेकर वह लगातार रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इस बीच वह कोलकाता में एक रोड शो भी निकाल रहे हैं। पीएम मोदी ने रोड शो से पहले पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना और हुगली जिलों में दो रैलियों को संबोधित किया। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में भाजपा उम्मीदवारों के लिए समर्थन जुटाने के उद्देश्य से कोलकाता में रोड शो में हिस्सा ले रहे हैं। बता दें कि पीएम मोदी ने हाल के हफ्तों में राज्य के कई दौरे किए हैं। उनके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी जमीनी स्तर पर पार्टी के चुनाव प्रचार की सक्रिय रूप से निगरानी कर रहे हैं।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पीएम मोदी का यह रोड शो बी. के. पाल एवेन्यू से शुरू होकर खन्ना क्रॉसिंग पर समाप्त होगा। उनका यह रोड शो कोलकाता के उत्तरी हिस्सों से होकर गुजरेगा। यह रोड शो शाम करीब साढ़े पांच बजे शुरू हुआ, जिसके शाम साढ़े सात बजे तक रोड शो समाप्त होने की संभावना है। रोड शो के कारण इसके मार्ग में आने वाले कई क्षेत्रों में यातायात बाधित होने की आशंका है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण का विधानसभा चुनाव संपन्न हुआ। पहले चरण में 152 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ, जिसमें 93 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अलावा अब दूसरे चरण के तहत 142 सीटों पर मतदान की तैयारियां चल रही हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण के चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय बलों की तैनाती सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। वहीं चुनाव को लेकर लगातार अलग-अलग राजनीतिक दल अपनी पूरा ताकत झोंक रहे हैं।














