आईपीएल ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो लैपटॉप, एक टैबलेट, 22 मोबाइल फोन तथा 1 करोड़ 15 लाख रुपये के ऑनलाइन सट्टे के लेनदेन का रिकॉर्ड जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2 करोड़ 46 हजार 400 रुपये बताई गई है। आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
रायपुर और बेमेतरा से पकड़े गए मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, थाना महासमुंद क्षेत्र में जुआ-सट्टा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पूर्व में 8 अप्रैल 2026 को बाबा फैमिली ढाबा घोड़ारी के पास कुछ आरोपितों को पावर एक्स व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेलते पकड़ा गया था। उस मामले की विवेचना और तकनीकी जांच में बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच के दौरान रायपुर और बेमेतरा से मुख्य मास्टरमाइंड समेत अन्य सटोरियों को हिरासत में लिया गया।
कई वेबसाइट्स का हो रहा था इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आईपीएल मैचों में UNCLEBAT9, UNCLE777.com, Grand777.com, PowerExch.com, WazirExch.com, Classic7777.com, GrandExch.com और God777.com जैसे ऑनलाइन पैनलों के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। आरोपित लगातार स्थान बदलकर अलग-अलग जगहों से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने बताया कि मुख्य एडमिन निशांत नागवानी पैनलों का संचालन करता था। वह अन्य लोगों को आईडी बेचता था और सट्टे से जुड़े पैसों का वितरण व हिसाब-किताब संभालता था।
गिरफ्तार आरोपितों का विवरण और पुलिस की चेतावनी
गिरफ्तार आरोपितों में दुर्गेश डहरे उर्फ योगेश (भाठागांव रायपुर), ललित चावला (महावीर नगर रायपुर), अंशु बग्गा (बेमेतरा), सौरभ जैन (डीडी नगर रायपुर), विजय वर्मा (नरदहा रायपुर) तथा निशांत नागवानी (देवपुरी रायपुर) शामिल हैं। सभी आरोपितों को 25 अप्रैल को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई। महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।















