Ujjain Shahi masjid demolition उज्जैन में शाही मस्जिद हटाने को लेकर किया जा रहा विरोध तेज होता दिखाई दे रहा है। इस दौरान पथराव किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं।
उज्जैन में शाही मस्जिद को हटाए जाने विरोध में मुस्लिम समाज पिछले दो दिन से प्रदर्शन कर रहा है। शनिवार रात से ही मस्जिद के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है। रविवार रात भी यहां बड़ी संख्या में लोग विरोध स्वरूप एकत्रित हुए। वहीं दूसरी तरफ भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।
आज सुबह तक क्षेत्र का माहौल शांत बना हुआ था। लेकिन अब आ रही जानकारी के मुताबिक मस्जिद को हटाने के विरोध में गहमागहमी की स्थिति बन गई है। पुलिस पर पथराव की स्थिति बन गई है। इसके बाद भीड़ को नियंत्रण में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
ये भी पढ़ेंGold/Silver Rate: चांदी की कीमतों में ₹6600 की बड़ी गिरावट, सोना ₹3200 लुढ़का; जानिए आज के ताजा रेट
पुलिस पर किया जा रहा पथराव
शाही मस्जिद हटाने के विरोध में उतरे कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया है। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण नजर आ रही है। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पर नजर रख रहा है। जानकारी के मुताबिक भीड़ को तितर बितर करने के लिए लगभग डेढ़ दर्जन से ज्यादा आंसू गैस के गोले छोड़ें जा चुके हैं। इसके बावजूद भी कुछ लोग पुलिस पर पथराव करने में लगे हुए हैं। तस्वीरों में पथराव की स्थिति साफ तौर पर दिखाई दे रही है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
जैसे ही पुलिस पर पथराव करने और आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की खबर लगी। उसके तुरंत बाद ही भारी संख्या में पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमिश्नर आशीष सिंह, आईजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह सहित एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर मौजूद हैं।
चौड़ीकरण की जद में आ रही मस्जिद
उज्जैन में सिंहस्थ को लेकर चल रहे चौड़ीकरण किया जा रहा है। चौड़ीकरण की जद में आने वाले धार्मिक स्थलों को हटाकर दूसरी जगह स्थापित किया जा रहा है। कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक सड़क 15 मीटर चौड़ी की जाने वाली है। यह 900 मीटर लंबा मार्ग है जिसके बीच में 7 धार्मिक स्थल आ रहे थे। इनमें से अधिकांश है चुके हैं। लेकिन खड़े हनुमान मंदिर, शाही मस्जिद और एक मजार को हटाना अभी बाकी है। इसे लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है। शाही मस्जिद हटाने के विरोध में मुस्लिम समाज पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहा है।
दो दिन से चल रहा विरोध
शाही मस्जिद को हटाने के विरोध में मुस्लिम समाज की ओर से पिछले दो दिनों से प्रदर्शन किया जा रहा है। शनिवार की रात से ही मस्जिद के अंदर और बाहर लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी थी। यह लोग शनिवार की रात से लेकर सुबह तक वहीं डटे रहे। इसी बीच पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च भी निकाला गया।
इसके बाद रविवार की रात जब भारी पुलिस बल जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा। तब एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर गए। मशीने देखकर मौके पर मौजूद लोग अलग अलग तरह से प्रशासन को वहां से जाने की बात कहते नजर आए। हालांकि, इस दौरान प्रशासन भी मौके पर डटा रहा। सुरक्षा को देखते हुए जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ 2 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
हाई कोर्ट में होना है सुनवाई
Ujjain Shahi masjid demolitionबता दें कि मस्जिद को ना हटाने के लिए मुस्लिम समाज की ओर से हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई थी। जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी कर ली थी। लेकिन विरोध की वजह से तोड़फोड़ नहीं की जा सकी। अब मुस्लिम समाज ने एक बार फिर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले में आज सुनवाई होनी है।
















