SSR देश के 13 राज्यों और 3 केंद्रशासित प्रदेशों में गुरुवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई. उत्तर प्रदेश में यह 17 नवंबर को जारी होगी. इस सूची में शामिल नामों को लेकर अब दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. मतदाता 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. इनका निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
इन 13 राज्यों में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, मध्य प्रदेश, मणिपुर, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और तीन UTs, अंडमान और निकोबार आइलैंड्स, लक्षद्वीप और पुडुचेरी शामिल हैं. वहीं, निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख पांच दिन बढ़ाकर 17 नवंबर कर दी है.
ये भी पढ़ेंchhath puja: आज से नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, जानें पूजन विधि और 4 दिनों का पूरा कार्यक्रम
असम में 2.51 करोड़ से ज्यादा मतदाता
जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में असम में कुल 2,51,76,910 मतदाताओं के नाम शामिल हैं. इनमें 1,25,87,650 पुरुष, 1,25,88,939 महिलाएं और 321 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं. इस साल 10 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 2,49,58,139 मतदाता थे. इसके मुकाबले नई ड्राफ्ट सूची में 2,18,771 मतदाता बढ़े हैं. निरंतर पुनरीक्षण के दौरान 4,12,344 नाम जोड़े गए, जबकि 1,93,573 नाम हटाए गए.
मणिपुर में महिला मतदाता पुरुषों से ज्यादा
मणिपुर की ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल 19,94,357 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 9,69,298 पुरुष, 10,24,735 महिलाएं और 324 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं. संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, राज्य के सभी 16 जिलों के 60 विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है. इस साल सितंबर में प्रकाशित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद की अंतिम सूची में 19.60 लाख मतदाता थे. इसके मुकाबले नई ड्राफ्ट सूची में करीब 33,700 मतदाता बढ़े हैं.
केरल और बिहार में भी बढ़े मतदाताओं के नाम
केरल और बिहार में भी SSR के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में SIR के मुकाबले मतदाताओं के नाम बढ़े हैं. केरल मे ड्राफ्ट मतदाता सूची में 2,73,60,254 नाम शामिल हैं, जबकि SIR के बाद जारी अंतिम सूची में 2,69,53,644 मतदाता थे. यानी नई सूची में करीब 3.66 लाख नाम बढ़े हैं.
वहीं, बिहार की ड्राफ्ट सूची में करीब 7.55 करोड़ मतदाता दर्ज हैं. यह SIR के बाद की 7.42 करोड़ की संख्या से लगभग 13 लाख ज्यादा है.
तमिलनाडु SSR में मतदाताओं के नाम घटे
तमिलनाडु में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में SIR के मुकाबले मतदाताओं के नाम घटे हैं. SSR के बाद राज्य मेंकरीब 5.77 करोड़ मतदाता हैं. जबकि SIR से पहले तमिलनाडु में 6.41 करोड़ मतदाता थे, पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित सूची में यह संख्या घटकर 5.67 करोड़ रह गई थी.
राजस्थान में मतदाता बढ़कर 5.26 करोड़ हुए
ड्राफ्ट लिस्ट में राजस्थान में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 26 लाख 67 हजार 416 हो गई है. अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और मौजूदा विवरण में संशोधन कराने के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. वहीं, 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे.
1 जनवरी 2027 होगी अर्हता की तारीख
पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है. पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की संभावना है. यहां दावे और आपत्तियों के निपटारे के बाद 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी.
SSR-2027 के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि माना गया है. यानी इस तारीख तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले नागरिक मतदाता के रूप में पंजीकरण के पात्र होंगे. ड्राफ्ट सूची में नाम छूटने, गलत जानकारी होने या किसी नाम पर आपत्ति होने की स्थिति में तय समयसीमा के भीतर आवेदन किया जा सकता है. अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी.















