Raigarh News : *रायगढ़, 12 अक्टूबर 2026* । आगामी नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने, बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने, नवीन आपराधिक कानूनों के तहत लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों एवं शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। साथ ही अपराधों के निराकरण में तेजी लाने, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

Read More : Training Aircraft crash: सेना का एयरक्राफ्ट ट्रेनिंग के दौरान क्रैश, दो पालयटों की मौत
*त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की निगरानी*
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों, दशहरा उत्सव और अन्य बड़े कार्यक्रमों की जानकारी लेकर आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसएसपी ने निर्देशित किया कि थाना प्रभारियों का सूचना तंत्र मजबूत हो और क्षेत्र में होने वाले प्रत्येक बड़े आयोजन की जानकारी पुलिस को रहे। आयोजन समिति द्वारा पूर्व सूचना नहीं दिए जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाए।
रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए आयोजन समितियों को वॉलिटियर तैनात करने, पंडालों की नियमित निगरानी रखने तथा समिति के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गरबा-डांडिया सहित भीड़भाड़ वाले आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। शहर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9479193299 एवं डायल 112 पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
*बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर सख्ती, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान*
अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों को सक्रिय और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए। लघु अधिनियमों के तहत कार्रवाई में भी तेजी लाई जाए और पिछले वर्ष की तुलना में अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने पुलिस मुख्यालय द्वारा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। इस दौरान थाना स्तर और जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर फरार वारंटियों की अधिक से अधिक दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा लंबित वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
*नवीन आपराधिक कानूनों के तहत अपराधों का समयबद्ध निराकरण, पुराने लंबित मामलों पर एसएसपी सख्त*
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा करते हुए थाना-वार लंबित अपराधों की स्थिति की जानकारी ली। नवीन आपराधिक कानूनों के तहत 60 एवं 90 दिवस की निर्धारित समय-सीमा में अपराधों का निराकरण सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित अपराधों की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एसएसपी ने ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा।
उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी दो माह तक विशेष अभियान चलाकर लंबित अपराधों के अधिक से अधिक निराकरण का लक्ष्य रखा जाए। प्रत्येक थाना प्रभारी अपने थाने के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें, विवेचना में आ रही बाधाओं को दूर करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने पर विशेष ध्यान दें। अपराधों एवं शिकायतों के निराकरण के साथ नवीन कानूनों के अनुरूप थानों में सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
*गुम इंसानों की तलाश में गंभीरता बरतें, तीन माह से अधिक पुराने मर्ग लंबित नहीं रहें*
बैठक में गुम इंसानों की दस्तयाबी की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुम इंसानों से संबंधित मामलों में अपराध पंजीबद्ध किए जाने के कारण ऐसे प्रकरणों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने थाना प्रभारियों को प्रत्येक गुम इंसान की तलाश को गंभीरता से लेने और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने जिले में मर्ग प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की भी समीक्षा की। वर्तमान स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में तीन माह से अधिक समय के मर्ग प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। संबंधित अधिकारी जांच में तेजी लाकर प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
*यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान, प्रेशर हॉर्न, तीन सवारी और तेज रफ्तार पर प्रतिदिन कार्रवाई*
नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा के दौरान शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पुष्पेंद्र बघेल को यातायात प्रबंधन की योजना तैयार कर आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़भाड़ वाले मार्गों और आयोजन स्थलों के आसपास यातायात सुचारु बना रहे।
थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारी सीजन में प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रतिदिन कार्रवाई की जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति सख्ती बरतते हुए सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।

*प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को स्वतंत्र थाना संचालन और जवाबदेही के निर्देश*
बैठक में स्वतंत्र रूप से थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को एसएसपी ने निर्णय क्षमता विकसित करने, अधीनस्थ कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा थाने के सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों एवं शिकायतों का समय पर निराकरण, नवीन आपराधिक कानूनों का पालन और सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। निवर्तमान थाना प्रभारियों को भी अपने अनुभव के आधार पर प्रशिक्षु अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी, एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उइके, डीएसपी श्री शिखर मरावी, श्री रोहित शुक्ला एवं श्री सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह, एफएसएल अधिकारी सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।















