Today Cg News : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 21 अक्टूबर 2026
राज्य के प्रतिभावान एवं निम्न आय वर्ग के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित उच्च व्यावसायिक संस्थानों में अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करने तथा आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थियों से 30 अक्टूबर तक पंजीकृत डाक से अथवा स्वयं उपस्थित होकर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में जमा कर सकते हैं। योजना के तहत आईआईटी, एम्स, आईआईएम, एनएलयू, एमबीबीएस, एनआईटी एवं आईआईआईटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में चयन के बाद प्रवेश प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदन का प्रारुप सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के कार्यालय से अथवा विभागीय पोर्टल https://eklavya.cg.nic.in/से प्राप्त किया जा सकता है।
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। विद्यार्थी की जाति छत्तीसगढ़ राज्य के लिए अधिसूचित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग की सूची में शामिल होना चाहिए। साथ ही संबंधित संस्थान में चयन की पात्रता एवं चयनित होने का प्रमाण-पत्र तथा प्रवेश के लिए संस्थान द्वारा जारी सूचना पत्र होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पालक की वार्षिक आय 2 लाख 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शासकीय सेवकों के आश्रित इस योजना के पात्र नहीं होंगे, हालांकि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बच्चे योजना का लाभ ले सकेंगे। आवेदन केवल निर्धारित प्रारूप में स्वीकार किए जाएंगे।















