CG News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन DA और HRA की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। एक तरफ जहां रैली निकाल कर प्रदर्शन कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ हल्बी में गाना बना कर सरकार को मनाने की कोशिश किए हैं। हड़ताली कर्मचारियों की एक वीडियो सामने आई है जिसमें से एक कर्मचारी हल्बी में गाना गा कर सरकार से कह रहा है- ‘महंगाई बढ़ते जाए, पाकेट में भार पड़े, तुके आमचो गुहार…भूपेश सरकार’। अब यह वीडियो सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल हो रही है।
दरअसल, बस्तर जिले के करीब 25 हजार कर्मचारी महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता की मांग को लेकर पिछले सोमवार से हड़ताल पर हैं। इतनी संख्या में एक साथ कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से कामकाज भी ठप पड़े हैं। कर्मचारियों कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती है, वे आंदोलन करते रहेंगे। अब सरकारी कामकाज की पूर्ति करना भी प्रशासन के लिए एक चुनौती हो गई है। हालांकि कलेक्टर ने बताया कि कुछ संविदा कर्मचारियों को काम का जिम्मा दिया गया है।

सोशल मीडिया में ट्रेंड हो रहा वीडियो
CG News जगदलपुर में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने बस्तर की क्षेत्रीय हल्बी बोली में गाना बनाया है। अपनी मांगों को लेकर सरकार के लिए लगाए जाने वाले नारों के साथ वे इस हल्बी गाने को भी गाते हैं और सरकार से मांग पूरा करने का आह्वान करते हैं। करीब 1 मिनट की गाने की यह वीडियो सोशल मीडिया पर अब ट्रेंड होने लगी है। गाने गाते हुए जो कर्मचारी दिख रहे हैं उनका नाम चुम्मन नाग है। उन्होंने खुद यह गाना बनाया है। वहीं हड़ताली कर्मचारी गाने की इस वीडियो को वायरल कर रहे हैं। सरकार को मनाने का कर्मचारियों का यह एक अनोखा तरीका भी है।