भिलाई में सूर्या नगर बस्ती जैसी फिर से बड़ी आग की घटना घटी है। यहां हॉस्पिटल सेक्टर में आग से लगभग 25 घर जलकर राख हो गए हैं। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है, लेकिन बताया जा रहा है कि कचरे के ढेर में आग लगने से हादसा हुआ। आग बढ़ने पर 4 सिलेंडर फटे और पूरी बस्ती को स्वाहा कर दिया।
भिलाई टाउनशिप के हॉस्पिटल सेक्टर के झुग्गी क्षेत्र में शुक्रवार रात 2 बजे आग लगने से 25 घर जलकर राख हो गए। लोगों को इतना भी मौका नहीं मिला की वो अपना सामान बचा सके। देखते ही देखते आग पूरी बस्ती में फैल गई। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचती आग ने सभी घरों को जला दिया था। कृष्णा अहिरवार ने बताया कि वो सेक्टर 9 हॉस्पिटल में अटेंडेंट का काम करती हैं। वो ड्यूटी पर गई थी। घर में उसकी 4 बेटी और एक बेटा अकेले थे।
देर रात 3.30 बजे के करीब बेटी ने फोन करके बताया कि मम्मी बड़ी आग लगी है। जल्दी आ जाओ। मौके पर आकर देखा तो पूरी बस्ती में आग लगी थी। मेरे घर का पूरा सामान जल गया था। आग लगने के बाद यहां करीब 4 सिलेंडर फटे। जिससे बस्ती के पूरे घर जल गए। गहने जल गए हैं। सोना और पैसा का पता नहीं चल रहा है।
एग्जाम सिर पर क्या पढ़ेंगे
CG News झुग्गी क्षेत्र में रही निर्जला और संतोषी अहिरवार का कहना है कि वो 10वीं बोर्ड की तैयारी कर रही हैं। आग में उनकी पूरी कॉपी-किताब जल कर राख हो गई हैं। एग्जाम सिर पर है। वे कैसे परीक्षा की तैयारी कर पाएंगे। उनके पास न तो नोट्स बचा और न ही किताबें बची हैं। बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है।