Chhatisgarh Samachar : उत्तर बस्तर कांकेर, 27 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मासिक रेडियो वार्ता ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी को सुनने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय रविवार को अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री साय ने आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद के कारण बस्तर में विकास की गति लंबे समय तक प्रभावित रही, लेकिन अब शांति लौटने के साथ क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर 4 हजार से अधिक नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर का विकास अब दोगुनी गति से करने का प्रयास किया जा रहा है। नियद नेल्ला नार सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांवों तक सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम देव उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले को 31 मार्च 2026 को नक्सलमुक्त घोषित किया गया है। रावघाट तक रेल सेवा के लिए ट्रायल हो चुका है। वहीं अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग और करीब 63 करोड़ रुपए की लागत से 16 बड़े पुल-पुलियों के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होने की बात उन्होंने कही। उन्होंने बताया कि 67 आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार किया गया है।
लामकन्हार के लिए 85 लाख रूपए की सौगात
मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में कुल 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें शीतला माता मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख, छोटे पारा में सीसी सड़क के लिए 18 लाख तथा एकलव्य विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।
आत्मसमर्पित नक्सलियों और खिलाड़ियों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने मुख्यधारा में लौटे नरसिंग नेताम, जुगनू कोवाची, पदमा नेगी और कमला पद्दा को 70-70 हजार रुपए की स्टायपेंड राशि की चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वालों को सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार काम कर रही है।
कार्यक्रम में एकलव्य विद्यालय अंतागढ़ के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं छात्रा कृतिका टेकाम को ईएमआरएस बोर्ड परीक्षा कक्षा 10वीं में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने पर सम्मान मिला।
‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ की सरपंच सम्मानित
वीबीग्राम-जी योजना के तहत ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ पहल में प्रदेश में सबसे पहले बालिका शौचालय निर्माण की पहल करने वाली ग्राम पंचायत कोयलीबेड़ा के ग्राम केसेकोड़ी की सरपंच फूलबती उसेंडी को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।















