Chhattisgarh top news छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की एक विशेष अदालत ने बुधवार को छह हजार करोड़ रुपये के ‘महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप’ मामले के मुख्य आरोपी सौरव चंद्राकर को आठ दिन के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चंद्राकर को हाल ही में ओमान से भारत लाया गया था। सोमवार को उसे दो दिन के लिए सीबीआई की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया था, क्योंकि जांच एजेंसी उसे छत्तीसगढ़ लाकर इस मामले की सुनवाई कर रही अदालत के सामने पेश करना चाहती थी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम को उसे विमान से रायपुर लाया गया।नक्शे देखें
बचाव पक्ष के वकील तुषार गिरी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बुधवार को चंद्राकर को रायपुर में विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) मनोज कुमार सिंह ठाकुर की अदालत में पेश किया गया, जहां सीबीआई ने उसकी 10 दिन की हिरासत की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि अदालत ने आरोपी को आठ दिन के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में सौंप दिया है। अदालत ने सीबीआई को पूछताछ के लिए चंद्राकर को दिल्ली ले जाने की भी अनुमति दे दी है।
सीबीआई ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचनाओं के बाद, सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के ‘राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा’ से इस मामले की जांच अपने हाथ में ले ली थी।नक्शे देखें
आरोप है कि चंद्राकर और सह-आरोपी रवि उप्पल ने अपने साथियों के साथ मिलकर ‘महादेव बुक ऐप’ का प्रचार किया और पैनल तथा ब्रांच ऑपरेटर के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चलाया।
Chhattisgarh top newsआरोपों के अनुसार कमीशन के लालच में सैकड़ों बैंक खाते खोले गए और सट्टेबाजी से हुई अवैध कमाई को अलग-अलग खातों के जरिए संयुक्त अरब अमीरात भेजा गया।















