JIO IPO डिजिटल सर्विस की जानी-मानी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड का IPO अगले हफ्ते 21 अक्टूबर को खुलेगा। ये भारत के इतिहास में अभी तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। बुधवार को दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक, 21 अक्टूबर को खुलने के बाद ये आईपीओ 23 अक्टूबर को बंद होगा। एंकर इन्वेस्टर्स 19 अक्टूबर को बोली लगा सकेंगे। जियो प्लेटफॉर्म्स इस महीने के आखिर में शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएगा।
जियो प्लेटफॉर्म्स ने कर्मचारियों और रिलायंस के शेयरहोल्डरों के लिए रिजर्व किए शेयर
जियो प्लेटफॉर्म्स ने पात्र कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये तक के शेयर रिजर्व किए हैं। इसके अलावा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए भी 2500 करोड़ रुपये तक के शेयर रिजर्व किए गए हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पब्लिक इक्विटी शेयर रखने वाले व्यक्ति और हिंदू अविभाजित परिवार (HUF), लागू नियमों और शर्तों के अधीन, शेयरधारक आरक्षण श्रेणी के तहत 14 अक्टूबर तक आवेदन करने के पात्र हैं।
143-146 अरब डॉलर रह सकता है कंपनी का उद्यम मूल्य
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि कंपनी का उद्यम मूल्य करीब 143-146 अरब डॉलर यानी 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रह सकता है। विदेशी निवेशकों से मिले पॉजिटिव सपोर्ट के आधार पर Jio Platforms की शुरुआती वैल्यूएशन 143-146 अरब डॉलर या कम से कम 12 लाख करोड़ रुपये रहने की संभावना है। जियो प्लेटफॉर्म्स का ये आईपीओ करीब 3.8 अरब डॉलर का होने की संभावना है। इस साइज के साथ ये भारत का अबतक का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है।
जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ के लिए जून में दाखिल किए थे दस्तावेज
SEBI ने इस साल 28 अगस्त को जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ पर अपनी अंतिम टिप्पणियां जारी की थीं। बताते चलें कि कंपनी ने जून में आईपीओ के लिए सेबी के पास दस्तावेज दाखिल किए थे। दस्तावेजों के मसौदो के अनुसार, जियो प्लेटफॉर्म्स अपने इस आईपीओ के तहत 27 करोड़ तक नए इक्विटी शेयर जारी करने की योजना बना रहा है। ये पोस्ट-इश्यू इक्विटी का करीब 2.9 प्रतिशत होगा।
वित्त वर्ष 2025-26 में 30,053 करोड़ रुपये रहा था जियो प्लेटफॉर्म्स का शुद्ध लाभ
JIO IPOबताते चलें कि वित्त वर्ष 2025-26 में जियो प्लेटफॉर्म्स का शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 30,053 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। इस दौरान, कंपनी का सालाना राजस्व भी 14.5 प्रतिशत बढ़कर 1,46,885 करोड़ रुपये रहा था। नुवामा रिसर्च के एनालिस्ट्स का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025-26 से लेकर 2029-30 के बीच रिलायंस जियो का मुनाफा लगभग 18 प्रतिशत की सालाना दर से बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। Rgh किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।













