आज मकर संक्रांति के त्यौहार के दिन एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। 70 फिट ऊंचे फ्लाईओवर से गुजर रहा परिवार अचानक कातिल मांझे की चपेट में आ गया। इससे मोटर साइकिल का संतुलन बिगड़ गया और परिवार फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में 7 साल की बेटी और 35 साल के पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां चमत्कारिक रूप से बच गई।
कैसे हुआ हादसा
आज मकर संक्रांति की छुट्टी के दिन रेहान अपनी पत्नी और बेटी को लेकर घूमने निकला था। फूल स्पीड में चंद्रशेखर आजाद ब्रिज से गुजर रहा था, तभी अचानक पतंग का मांझा उसके शरीर पर आ जाता है। एक हाथ से मांझा हटाने की कोशिश में गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाता है और जोर से गाड़ी ब्रिज की दीवार से टकराती है। इस दौरान मोटर साइकिल के पीछे बैठी पत्नी और बेटी के साथ रेहान नीचे गिरते हैं।
पत्नी रेहाना ओर बेटी अलीशा के साथ वह 70 फिट नीचे गिरते हैं। इस दौरान रेहान और उनकी बेटी अलीशा की मौके पर ही मौत हो जाती है, जबकि रेहाना बच जाती है। जब रेहाना ब्रिज से गिरी तो वह नीचे खड़े ऑटो रिक्शा पर जा गिर गई जिसके कारण उसे गंभीर चोट आई है।
ऑटो ड्राईवर इकबाल पटेल ने बताया, मैं चाय पीने आया था। चाय पीकर मैंने ऑटो स्टार्ट किया तो अचानक ऊपर से कुछ गिरा। पहले तो में इतना घबरा गया कि मुझे कुछ समझने में नहीं आ रहा था। जब मैंने बाहर आकर देखा तो मेरी ऑटो पर एक महिला बेहोशी की हालत में पड़ी थी। एक पुरुष महानगरपालिका के गड्ढे में गिरा था और एक लड़की भी वहां पड़ी थी। दोनों के शरीर से खून बह रहा था। महिला इतनी जोर से गिरी के मेरे हाथ में भी चोट लगी और मेरा ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया।















