जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां ग्राम चितविश्रामपुर के किसान राजदेव मिंज ने अपनी कानूनी जीत का जश्न अनोखे अंदाज में मनाया। वे बैंड-बाजे के साथ धान खरीदी केंद्र पहुंचे। उनके लिए समिति खोला गया और धान की खरीदी की गई।
हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
जानकारी के अनुसार किसान राजदेव मिंज का करीब 525 बोरा धान ऑनलाइन टोकन नहीं कट पाने के कारण समय पर सरकारी खरीदी केंद्र में नहीं बिक सका था। समय सीमा समाप्त होने का हवाला देते हुए प्रशासन ने धान खरीदी से मना कर दिया था। इससे परेशान होकर किसान ने न्याय के लिए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
निर्णय किसान के पक्ष में आया
कोर्ट में सुनवाई के बाद निर्णय किसान के पक्ष में आया और प्रशासन को धान खरीदी सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। न्यायालय के आदेश के बाद किसान ने अपनी खुशी जाहिर करने के लिए बैंड-बाजे के साथ बरदर धान खरीदी केंद्र पहुंचकर धान की तौल कराई।
किसान राजदेव मिंज ने बताया कि बैंड-बाजा न्यायालय के सम्मान में बजाया गया, क्योंकि उन्हें न्यायालय की वजह से ही न्याय मिल सका।
कांग्रेस का समर्थन
इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और किसान का समर्थन किया। मौके पर जिला उपाध्यक्ष रिपुजित सिंह देव, ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव, जिला महामंत्री विश्वजीत सिंह देव, जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास, रामदेव जगते और बुद्धदेव पोया सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इन्होंने किसान को बधाई देते हुए कहा कि इन्होंने अपने अधिकार के लिए संघर्ष किया। आखिरकार राज्य सरकार उनका धान खरीदी करने बाध्य हुई।














