महंगाई की मार से जूझ रहे आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में पाइप से घरों तक पहुंचने वाली गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। बढ़ी हुई कीमतें 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुकी हैं, जिसका सीधा असर अब रसोई के बजट पर पड़ेगा।
राजधानी दिल्ली में PNG की कीमत अब 49.59 रुपये प्रति मानक घन मीटर (SCM) हो गई है। कंपनी के अनुसार, इससे पहले यह दर 47.89 रुपये प्रति SCM थी। इस तरह दिल्ली में उपभोक्ताओं को अब प्रति SCM 1.70 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। इसी प्रकार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी कीमतें 47.76 रुपये से बढ़ाकर 49.46 रुपये प्रति SCM कर दी गई हैं।
अन्य शहरों में क्या हैं नए रेट?
महंगाई का असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अन्य शहरों में भी इसका असर साफ दिख रहा है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में पीएनजी की कीमत 47.35 रुपये से बढ़कर 48.35 रुपये प्रति SCM हो गई है। अजमेर, पाली और राजसमंद के उपभोक्ताओं को अब 48.27 रुपये प्रति SCM की दर से भुगतान करना होगा। वहीं, कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर और चित्रकूट में भी कीमतें 47.95 रुपये से बढ़ाकर 48.95 रुपये प्रति SCM कर दी गई हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
गैस वितरण कंपनियों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में आई तेजी के कारण यह कदम उठाना पड़ा है। विशेष रूप से पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक सप्लाई चेन पर दबाव बना हुआ है। गैस के आयात और परिवहन की लागत बढ़ने का सीधा बोझ अब उपभोक्ताओं पर डाला गया है।
पहले भी बढ़ा है रसोई का खर्च
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में गैस की कीमतों में लगातार उछाल देखा गया है। मार्च महीने में ही घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 60 रुपये तक बढ़ाए गए थे, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी तीन चरणों में कुल 338 रुपये तक महंगे हो चुके हैं।
















