मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल का ये सीजन कुछ खास अच्छा नहीं रहा है। या यूं कहें कि खराब जा रहा है तो गलत नहीं होगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम अभी दसवें यानी सबसे आखिरी पायदान पर है। इस बीच क्या मुंबई इंडियंस के लिए अब से सीजन समाप्त हो गया है। क्या टीम अब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। मौजूदा वक्त में क्या समीकरण और सिनेरियो बन रहे हैं, इनके बारे में जानना और समझना जरूरी हो गया है।
इस वक्त मुंबई इंडियंस की हालत प्वाइंट्स टेबल में काफी खराब
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम बुरी फंसी हुई है। जैसा कि हमने आपको पहले ही बताया कि टीम दसवें नंबर पर है। अब तक मुंबई ने पांच मैच खेल लिए हैं और उसमें से चार में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम ने अपना शुरुआती मैच जीता था, इसके बाद से चार बैक टू बैक मैच टीम हार चुकी है। इससे उसकी हालत पतली है। अब उसके लिए कुल मिलाकर करो या मरो की स्थिति आ चुकी है। पहली बात तो ये समझना जरूरी है कि अगर आईपीएल में किसी टीम को प्लेऑफ तक पहुंचना है तो कितने अंक तक चाहिए होते हैं।
प्लेऑफ में जाने के लिए किसी भी टीम को चाहिए होते हैं कम से कम 16 अंक
अभी तक के आईपीएल के अनुभवों के आधार पर कहा जा सकता है कि जब भी दस टीमों का टूर्नामेंट होता है तो उसमें अगर कोई टीम 16 अंक हासिल कर ले तो उसके लिए प्लेऑफ में अपनी जगी पक्की करना काफी हद तक आसान हो जाता है। यानी टीम को 8 मैच जीतने होते हैं। टीम को अभी भी नौ मैच खेलने हैं। यानी टीम अपने बचे हुए इन 9 में से सात मैच भी जीत जाए तो काम बन जाएगा और अगर इससे कहीं ज्यादा जीत का मतलब है कि प्लेऑफ कन्फर्म।
अगर टीम कम मैच जीती तो फंस जाएगा मामला
अब सवाल ये भी है कि सात और उससे ज्यादा मैच जीतकर तो टीम का काम बन जाएगा, लेकिन इसे कम जीत के बाद क्या होगा। अगर टीम यहां से 6 मैच जीतती है तो उसके 14 अंक हो जाएंगे। इससे पहले टीमें 14 अंक लेकर भी टॉप 4 में पहुंची हैं, लेकिन पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता। साथ ही 14 अंकों पर नेट रन रेट काफी अहम भूमिका अदा करता है, जो अभी मुंबई का काफी खराब है। लेकिन इससे कम जीत का मतलब ये होगा कि टीम का खेल खत्म हो जाएगा।
ये समीकरण भी मुंबई इंडियंस के हक में जाएगा
मुंबई के लिए दिक्कत ये है कि उसे अभी पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स से मैच खेलने हैं। जो कि टेबल में टॉप 4 में चल रही हैं। इनको हराना इतना आसान होने वाला, ये भी टीम जानती ही होगी। एमआई के लिए ये भी फायदे का सौदा होगा कि पंजाब और आरसीबी जैसी टीमें अपने मैच जीतती चली जाएं, ताकि जो टीमें अभी अंक तालिका के बीच में हैं, वो ज्यादा आगे ना भाग पाएं। कुल मिलाकर आने वाले दो से तीन मैच मुंबई का इस आईपीएल में तय कर देंगे, पता चल जाएगा कि आगे क्या होने वाला है।
















