जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी पर बड़ा एक्शन लिया है. अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की एक बड़ी खेप बरामद की है. जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ तक बताई जा रही है. आरोपी यात्री बस में सफल करते हुए तस्करी कर रहा था.
बस में रखा हुआ था गांजा
यह कार्रवाई जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली के पास की गई. अंबिकापुर की ओर से आ रही नीलम यात्री बस में बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किए जाने की भनक स्थानीय ग्रामीणों को लगी. इसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए बस को सिलफिली के समीप रोक लिया और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी.
20 क्विंटल गांजा पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बस की जांच शुरू की. जांच के दौरान बस में भारी मात्रा में गांजा मिला, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 2 करोड़ रुपए का लगभग 20 क्विंटल गांजा जब्त किया गया है.
बस यात्रियों से पूछताछ की जा रही है. बस कहां से कहां तक ये सब पता कर आगे तस्करी के नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की पतासाजी की जाएगी – अभिषेक पैकरा, एसडीओपी सूरजपुर
CRPF बटालियन परिसर में रखा गया गांजा
पुलिस द्वारा बस सहित जब्त किए गए गांजा को सुरक्षा की दृष्टि से सिलफिली स्थित सीआरपीएफ बटालियन परिसर में रखा गया है. साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है.













