जुलाई महीने में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कहीं उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है, तो कहीं मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात बना दिए हैं. 14 जुलाई को भी मौसम कुछ इसी तरह मिला-जुला रहने वाला है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब, राजस्थान जैसे कुछ राज्यों में फिलहाल तेज़ धूप और उमस लोगों को बेहाल करेगी. ऐसे में यहां के लोग इस बात का इंतज़ार कर रहे हैं कि कब बारिश उन्हें इस गर्मी से निजात दिलाएगी. लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि अगले 6-7 दिनों तक मॉनसून की रफ्तार थोड़ी धीमी ही रहेगी.
कहां हैं बारिश के आसार?
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी है. सबसे पहले बात बिहार की, जहां राजधानी पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर में भी मौसम कुछ ऐसा ही रहेगा. पश्चिम बंगाल की अगर बात करें तो कोलकाता, सिलिगुड़ी, दार्जिलिंग, आसनसोल समेत कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी है. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन उमस भरी गर्मी बनी रहेगी.
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड के चमोली, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ समेत कई इलाकों में बारिश का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा, सिरमौर, मंडी, शिमला समेत कई इलाकों में भी बारिश का अलर्ट है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के कुछ इलाकों में भी बारिश का अलर्ट जारी है. IMD में नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मूसलाधार बारिश जारी है. कल भी बारिश का दौर यूं ही जारी रह सकता है. असम के कुछ इलाकों में नदियां उफान पर हैं, जिसकी वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.















