छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सबसे अधिक असर बिलासपुर में देखने को मिला, जहां 28 सेंटीमीटर बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में अगले 24 से 48 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी तथा कांकेर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा ने की संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), सूरजपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, मुंगेली, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव तथा नारायणपुर जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग और बेमेतरा जिले में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश (IMD Weather Forecast) के अन्य कई जिलों में भी भारी वर्षा होने की संभावना है।
क्यों बदला मौसम? जानिए वजह
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय मानसूनी द्रोणिका (Monsoon Trough) अमृतसर, चंडीगढ़, शाहजहांपुर, बस्ती, पटना और निम्न दबाव के केंद्र से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और उससे लगे क्षेत्रों में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी हुई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव, सड़कों पर फिसलन, दृश्यता में कमी तथा निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है। इससे यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है। लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।















