अगर आप अक्सर ऑनलाइन खाना ऑर्डर करते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है. ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी फ्लिपकार्ट अब फूड डिलीवरी के बिजनेस में उतरने की तैयारी कर चुकी है. खबर है कि कंपनी 15 अगस्त के आसपास बेंगलुरु से अपनी फूड डिलीवरी सFlipkartर्विस शुरू कर सकती है. इसके लिए कंपनी ने बेंगलुरु के कई रेस्टोरेंट्स के साथ हाथ मिलाना भी शुरू कर दिया है. अब तक भारतीय फूड डिलीवरी मार्केट पर जोमैटो और स्विगी का दबदबा रहा है, लेकिन फ्लिपकार्ट एक बड़े मास्टरस्ट्रोक के साथ एंट्री कर रहा है.
जोमैटो और स्विगी रेस्टोरेंट्स से आमतौर पर 16% से लेकर 30% तक भारी-भरकम कमीशन वसूलते हैं, वहीं फ्लिपकार्ट रेस्टोरेंट्स से सिर्फ 10% कमीशन लेने का मन बना रहा है. कम कमीशन होने की वजह से छोटे और बड़े रेस्टोरेंट मालिक तेजी से फ्लिपकार्ट से जुड़ रहे हैं.
ONDC के जरिए होगी सर्विस की शुरुआत
फ्लिपकार्ट पारंपरिक मॉडल की जगह भारत सरकार की पहल ONDC (Open Network for Digital Commerce) के जरिए सेवाएं देगा. ONDC के इस्तेमाल से फ्लिपकार्ट को शुरुआत से बड़ा ढांचा खड़ा करने की जरूरत नहीं होगी और वह कम समय में ग्राहकों तक पहुंच सकेगा. ग्राहक मुख्य फ्लिपकार्ट ऐप के साथ-साथ एक अलग ऐप के जरिए भी खाना ऑर्डर कर सकेंगे.
ग्राहकों और रेस्टोरेंट्स को क्या फायदा होगा?
जब रेस्टोरेंट्स को कम कमीशन देना पड़ेगा, तो उनकी लागत घटेगी. इसका सीधा फायदा ग्राहकों को कम डिलीवरी चार्ज, ज्यादा डिस्काउंट और सस्ते खाने के रूप में मिल सकता है. वहीं दूसरी ओर, जोमैटो और स्विगी को भी अपना मार्केट बचाए रखने के लिए अपनी कमीशन नीतियों में बदलाव करना पड़ सकता है. कंपनी सबसे पहले बेंगलुरु के चुनिंदा ग्राहकों के साथ इसका ट्रायल करेगी. ग्राहकों के फीडबैक और सर्विस की गुणवत्ता परखने के बाद इसे देश के अन्य बड़े शहरों में भी लागू किया जाएगा.












