Gorakhpur IndiGo Flight गोरखपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान में टेल इम्पैक्ट मिलने के बाद उसे ग्राउंड कर दिया गया। इसके चलते 19 अगस्त को गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की अगली उड़ान करीब पांच घंटे 30 मिनट विलंबित हुई। तकनीकी जांच के बाद विमान का संचालन रोक दिया गया और यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एयरलाइंस ने वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की।
एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार के अनुसार, 19 अगस्त को इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 2381 दिल्ली से गोरखपुर पहुंची थी। विमान के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद एयरलाइंस ने विमान वीटी-आईएलआर में तकनीकी कारणों से टेल इम्पैक्ट पाए जाने की सूचना दी। इसके बाद विमान को आगे के परिचालन से हटा दिया गया।
गोरखपुर से दिल्ली के लिए अगली उड़ान 6ई 5013 का संचालन होना था। विमान ग्राउंड होने के कारण निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकी। इससे यात्रियों को करीब 5 घंटे 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने वैकल्पिक विमान वीटी-आईबीसी की व्यवस्था की।
इसके बाद यात्रियों को दिल्ली भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। इंतजार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइंस की ओर से स्नैक्स और भोजन उपलब्ध कराया गया। यात्रियों को उनकी सुविधा के अनुसार वैकल्पिक यात्रा विकल्प भी दिए गए। जो यात्री यात्रा जारी नहीं रखना चाहते थे, उन्हें नियमानुसार पूर्ण रिफंड का विकल्प उपलब्ध कराया गया।
क्या होता है टेल इम्पैक्ट
विमान के पिछले हिस्से यानी टेल का रनवे या किसी अन्य सतह से असामान्य तरीके से संपर्क होने की स्थिति को टेल इम्पैक्ट कहा जाता है। ऐसी स्थिति में विमान के पिछले हिस्से की विस्तृत तकनीकी जांच जरूरी होती है। सुरक्षा के लिहाज से जांच पूरी होने तक विमान का संचालन रोकना सामान्य प्रक्रिया है। इस मामले में भी एयरलाइंस की ओर से टेल इम्पैक्ट की जानकारी दिए जाने के बाद विमान को ग्राउंड किया गया और उसकी जगह दूसरा विमान लगाया गया।
Gorakhpur IndiGo Flight19 अगस्त की घटना का असर एयरपोर्ट के नियमित परिचालन पर स्थायी रूप से नहीं पड़ा। एयरपोर्ट से संचालित अन्य सभी उड़ानों का परिचालन सामान्य और सुचारु रहा। तकनीकी समस्या केवल एक विमान तक सीमित रही और वैकल्पिक विमान की व्यवस्था कर यात्रियों की यात्रा पूरी कराई गई।
–
–













