IPL 2026 Auction Date and Venue: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के ऑक्शन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। IPL 2026 के ऑक्शन और वेन्यू का खुलासा हो गया है। IPL 2026 का ऑक्शन 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित किया जाएगा। यह लगातार तीसरा साल होगा जब IPL की नीलामी भारत से बाहर आयोजित होगा। साल 2024 में ऑक्शन दुबई में हुआ था, जो पहली बार था जब यह किसी विदेशी सरजमीं पर आयोजित किया गया। इसके बाद 2025 सीजन का दो दिवसीय मेगा ऑक्शन सऊदी अरब के जेद्दाह में नवंबर 2024 में हुआ था।
15 नवंबर को होगा रिटेंशन लिस्ट का ऐलान
IPL 2026 का यह ऑक्शन सिर्फ एक दिन का होगा, जैसा कि हर मिनी ऑक्शन में होता है। सभी फ्रेंचाइजियों को अपने 2025 सीजन की टीम से किन खिलाड़ियों को रिलीज और रिटेन करना है, इसकी अंतिम सूची भारतीय समयानुसार 15 नवंबर को दोपहर 3 बजे तक सौंपनी होगी। इसके बाद बोर्ड फ्रेंचाइजियों को एक रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की सूची भेजेगा। इसके बाद सभी टीमें खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट करेंगी और इस तरह ऑक्शन पूल तय होगा। ट्रेडिंग विंडो ऑक्शन से एक सप्ताह पहले तक खुली रहेगी। इसके बाद यह फिर से शुरू होकर IPL 2026 के प्रारंभ से एक महीने पहले तक जारी रहेगी। हालांकि, 2026 ऑक्शन में खरीदे गए किसी खिलाड़ी को टीमें ट्रेड नहीं कर सकेंगी।
ऑक्शन से पहले IPL ट्रेड मार्केट में हलचल
IPL रिटेंशन से पहले अब तक 3 टीमों के बीच 2 ट्रेड की पुष्टि हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरने वाला ट्रेड रहा शार्दुल ठाकुर का। मुंबई इंडियंस ने शार्दुल ठाकुर को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। इससे पहले शार्दुल लखनऊ सुपर जायंट्स टीम का हिस्सा थे। वहीं, IPL रिटेंशन से पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने गुजरात टाइटंस की टीम से शेरफेन रदरफोर्ड को ट्रेड किया है। शेरफेन रदरफोर्ड IPL 2025 में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेले थे। तब उन्होंने कुल 291 रन बनाए थे। IPL 2026 का ऑक्शन कई मायनों में खास होने जा रहा है, क्योंकि सभी टीमें हालिया सीजन के प्रदर्शन को ध्यान में रखकर खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने की तैयार कर रही हैं।













