Raigarh News : *8 सितंबर, रायगढ़* । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध कबाड़ परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में घरघोड़ा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध रूप से परिवहन किए जा रहे स्क्रैप से लदे माजदा को पकड़कर करीब 4.5 टन लोहा-टीन का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त माजदा क्रमांक CG-04-QK-3542, कीमत करीब 15 लाख रुपये, कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में वाहन चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बाईपास रोड, घरघोड़ा रेलवे ओवरब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टाटा 1109 माजदा क्रमांक CG-04-QK-3542 को जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
वाहन की जांच करने पर उसके पीछे डाले में बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड मिला। पूछताछ के दौरान चालक पुरुषोत्तम एक्का (42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07, इंदिरानगर रायगढ़ वाहन एवं स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने में टालमटोल करता रहा। वाहन को थाना लाकर चालक को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस द्वारा संदेही चालक से पूछताछ तथा मुखबिर सूचना के आधार पर जानकारी जुटाई गई, जिसमें स्क्रैप के अवैध परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने वाहन में लोड 4.5 टन लोहा-टीन स्क्रैप, कीमत करीब 1.50 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त माजदा, कीमत करीब 15 लाख रुपये, कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति विधिवत जब्त की।

Read More : IND vs AFG: 13 सितंबर से शुरू होगा भारत-अफगानिस्तान का पहला टी20, जानिए कब और कहां देखें लाइव मुकाबला?
मामले में आरोपी पुरुषोत्तम एक्का के विरुद्ध थाना घरघोड़ा में धारा 35(क-ङ) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक खेजराज पटेल एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














