Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ में PRA ग्रुप के ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी से बड़ा खुलासा हुआ है। जिस कार्रवाई की शुरुआत आयकर विभाग की एक सामान्य सर्च ऑपरेशन के तौर पर हुई थी, अब वह 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित टैक्स चोरी की जांच में तब्दील होती नजर आ रही है। जांच के दौरान अब तक ढाई करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी नकदी मिलने की जानकारी सामने आई है। वहीं दस्तावेजों, फाइनेंशियल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की पड़ताल में कई ऐसे सुराग मिले हैं, जिन्होंने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। सवाल सिर्फ बेहिसाबी कैश का नहीं है। बल्कि सरकारी सड़क परियोजनाओं और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कॉन्ट्रैक्ट में खर्च के हिसाब-किताब का भी है।नक्शे देखें
100 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित टैक्स चोरी का अनुमान
दरअसल, 18 नवंबर से PRA ग्रुप के खिलाफ शुरू हुई इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई लगातार बड़े खुलासों की ओर बढ़ रही है। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित टैक्स चोरी का अनुमान लगाया गया है। हालांकि, आयकर विभाग ने अभी इसे अंतिम टैक्स देनदारी नहीं माना है। जांच में कथित बोगस बिलिंग, प्रोजेक्ट की लागत बढ़ाकर दिखाने और इंफ्रास्ट्रक्चर एवं सड़क निर्माण के कारोबार में बिना हिसाब-किताब के कैश ट्रांजैक्शन की आशंका सामने आई है। अब अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि निर्माण कार्यों के नाम पर बुक किया गया खर्च वास्तव में हुए काम और वास्तविक लेनदेन से मेल खाता है या नहीं।
इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के इनकम टैक्स इन्वेस्टिगेशन विंग के महानिदेशक बिजॉय कुमार पांडा के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। वहीं प्रिंसिपल डायरेक्टर रवि किरण और एडिशनल डायरेक्टर मोहल अग्रवाल भी ऑपरेशन की निगरानी में शामिल हैं। जबकि डिप्टी डायरेक्टर नवल जैन फील्ड टीमों के साथ समन्वय कर रहे हैं। जांच का दायरा सिर्फ PRA इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तक सीमित नहीं है।नक्शे देखें
कारोबारी नेटवर्क फैली कई सेक्टर तक
रायपुर के तेलीबांधा स्थित उद्योग भवन के पास PRA हाउस से जुड़े इस कारोबारी नेटवर्क की कड़ियां इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, पावर और हाईवे डेवलपमेंट जैसे कई सेक्टर तक फैली हुई हैं। कंपनी के निदेशकों राजेश कुमार अग्रवाल, महेश कुमार अग्रवाल, आयुष अग्रवाल और अभिषेक गर्ग से जुड़ी विभिन्न कंपनियों और कारोबारी संस्थाओं की भी पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच में PRA इंडस्ट्रीज, बारब्रिक प्रोजेक्ट्स, अंबिका पावर एंड शुगर, अविन्या बायो एनर्जी और कई हाईवे डेवलपमेंट वेंचर्स से जुड़े कारोबारी कनेक्शन भी सामने आए हैं। इसके अलावा रायगढ़ स्थित कुछ औद्योगिक कंपनियों में बड़ी हिस्सेदारी के कथित अधिग्रहण की भी अलग से जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस बड़ी कार्रवाई से पहले करीब साढ़े तीन महीने तक वित्तीय निगरानी की गई थी। इस दौरान फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट यानी FIU-IND से मिले इनपुट भी जांच का हिस्सा रहे। इसके बाद 18 नवंबर को एक साथ रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में छापेमारी शुरू की गई। इस पूरे ऑपरेशन में 32 आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक परिसरों को शामिल किया गया। करीब 120 आयकर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने कार्रवाई की, जिन्हें लगभग 80 CRPF जवानों का सुरक्षा के लिए सशस्त्र एस्कॉर्ट भी तैनात किया गया था।
धारा 247(6) के तहत पूछताछ
कार्रवाई के दौरान ग्रुप से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। इनकम टैक्स एक्ट, 2025 की धारा 247(6) के तहत अधिकारियों ने लोगों से पूछताछ की। यह प्रावधान सर्च और सीजर ऑपरेशन के दौरान शपथ पर बयान दर्ज करने की अनुमति देता है। वहीं छापेमारी के दौरान कई जगहों पर सोने के आभूषण भी मिले, लेकिन निर्धारित दिशा-निर्देशों और उपलब्ध हिसाब-किताब के आधार पर इन्हें जब्त नहीं किया गया। CBDT के निर्देश संख्या 1916 के तहत सामान्य तौर पर विवाहित महिलाओं के लिए 500 ग्राम, अविवाहित महिलाओं के लिए 250 ग्राम और पुरुष सदस्यों के लिए 100 ग्राम तक सोने के आभूषण जब्त नहीं किए जाने की व्यवस्था है।
हालांकि, इसका इस्तेमाल परिस्थितियों और अधिकारियों के आकलन के आधार पर किया जाता है। जांच के दौरान कई बैंक लॉकर भी चिन्हित किए गए हैं। इनमें से कुछ लॉकर खोले जा चुके हैं, जबकि कुछ को आगे की जांच के लिए रखा गया है। अब आयकर विभाग की नजर जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की फॉरेंसिक जांच पर है। बैंक ट्रांजैक्शन, वित्तीय दस्तावेजों और कानूनी रिटर्न का मिलान किया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वास्तव में कितनी टैक्स चोरी हुई है और किन कारोबारी लेनदेन में गड़बड़ी की गई है।
Chhattisgarh newsफिलहाल PRA ग्रुप पर आयकर विभाग की जांच जारी है। ढाई करोड़ से ज्यादा की कथित बेहिसाबी नकदी 32 ठिकानों पर छापेमारी और 100 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित टैक्स चोरी का शुरुआती अनुमान है। इन तमाम तथ्यों ने छत्तीसगढ़ के कारोबारी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में हलचल बढ़ा दी है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच पूरी होने के बाद क्या PRA ग्रुप के कारोबारी नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेनदेन की कोई बड़ी अनियमितता सामने आएगी? अब सबकी नजर आयकर विभाग की अगली कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच के नतीजों पर टिकी है















