Agartala Delhi Flight Diverted उत्तर प्रदेश के लखनऊ एयरपोर्ट पर एक विमान की मंगलवार शाम इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। दरअसल, अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट के कार्गो एरिया में धुएं की चेतावनी मिली थी। इसके बाद एहतियातन विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। विमान में 103 यात्री सवार थे। विमान के सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
क्या है पूरा मामला?
इंडिगो की फ्लाइट 6E6504 के कार्गो एरिया में स्मोक सिग्नल आया। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि डायवर्जन के दौरान विमान ने ‘स्क्वॉक 7700’ सिग्नल भेजा। यह आम तौर पर इमरजेंसी का संकेत देने वाला ट्रांसपोंडर कोड है।
लखनऊ एयरपोर्ट ने अपने इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल को तुरंत एक्टिवेट किया। एयरपोर्ट पर फायर एवं रेस्क्यू टीम, एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ, सुरक्षा और टर्मिनल सपोर्ट को तैनात कर दिया गया।
शाम 6:29 बजे हुई आपात लैंडिंग
अगरतला से दिल्ली जा रहे विमान की शाम 6:29 बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लखनऊ पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। विमान में 103 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की खबर नहीं है। जानकारी के अनुसार यह विमान विमान VT-ISY है, जो एक Airbus A320-251N (A320neo) है।
इस विमान ने 2 अगस्त 2021 को अपनी पहली उड़ान भरी थी। इसी साल 1 सितंबर को इसे इंडिगो को सौंपा गया था। इस तरह, यह विमान एयरलाइन के साथ पांच साल से ज़्यादा समय से सर्विस में है।
टेक्निकल टीम ने शुरू की जांच
लखनऊ एयरपोर्ट की ओर से जारी बयान के अनुसार, एयरपोर्ट पर जरूरी इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू किए गए। विमान उतरने से पहले तमाम जरूरी तैयारियां की गई। इसके बाद विमान की सेफ लैंडिंग में मदद दी गई। स्थिति को बिना किसी अप्रिय घटना के आसानी से संभाल लिया गया। एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग के बाद यात्रियों को उससे उतार लिया गया।
विमान की जांच एक टेक्निकल टीम ने शुरू कर दी है। कार्गो बे की जांच शुरू की गई। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में धुएं की मौजूदगी का कोई संकेत नहीं मिला है। वहां ऐसी कोई चीज नहीं मिलने की बात आई है। वॉर्निंग सिग्नल किस वजह से मिली, इसका पता लगाने के लिए टेक्निकल जांच की जा रही है।
पहले भी आया था मामला
लखनऊ एयरपोर्ट पर पहले भी इसी प्रकार का मामला सामने आया था। 3 सितंबर को वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 को लखनऊ में एहतियातन उतारना पड़ा था। पायलटों को विमान के पिछले कार्गो कम्पार्टमेंट में धुएं का संकेत मिला था। लैंडिंग के बाद जांच में कोई धुआं दिखाई नहीं दिया। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा गया।
Agartala Delhi Flight Divertedएयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने इंडिगो के विमान में धुएं की चेतावनी का कारण तुरंत पता नहीं चल सका। सूत्र इसे 3 सितंबर को हुई IX 1253 की घटना जैसा ही मान रहे हैं। जांच के बाद मामले में अधिक जानकारी आने की बात कही जा रही है।















